ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने बीएलओ नियुक्ति का विरोध किया, कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन

बरेली। ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन ने छात्रावास अधीक्षकों को बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) न बनाए जाने की मांग को लेकर शनिवार को एसडीएम संतोष मृदगल को कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संघ ने स्पष्ट किया कि छात्रावास अधीक्षकों की ड्यूटी 24 घंटे की होती है, ऐसे में उन्हें बीएलओ जैसे अतिरिक्त कार्यों में लगाना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे छात्रावास संचालन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। अधीक्षकों ने कहा कि बीएलओ का कार्यक्षेत्र व्यापक होता है, जिसमें क्षेत्रीय भ्रमण, सर्वेक्षण और दस्तावेजी कार्य शामिल होते हैं, जो उनकी नियमित जिम्मेदारियों के साथ निभाना संभव नहीं है।
इस अवसर पर ट्रायबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रशांत पटेल, जिला संयोजक संतोष धाकड़, जिला उपाध्यक्ष बृजकिशोर गौर, जिला महामंत्री कृष्ण कुमार यादव, प्रवक्ता दीपक राजपूत, एचपी अहिरवार, हरिसिंह अहिरवार समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रावास अधीक्षकों को बीएलओ की जिम्मेदारी से मुक्त रखा जाए ताकि वे छात्रों की देखरेख और व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित कर सकें।



