नेशनल लोक अदालत के प्रचार प्रसार को लेकर निकाली वाहन रैली
वाहन रैली को न्यायाधीश ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रायसेन जिले के बेगमगंज में नेशनल लोक अदालत में चिन्हित किए गए प्री-लिटिगेशन न्यायालयों में आपराधिक शमनीय प्रकरण, लंबित राजीनामा योग्य प्रकरणों का निराकरण के लिए लोगों में जागृति पैदा करने के लिए न्यायालय परिसर से वाहन रैली को प्रथम अतिरिक्त जिला न्यायाधीश आशुतोष शुक्ल, सचिन द्विवेदी व्यवहार न्यायाधीश निशांत मिश्रा, अध्यक्ष प्रभाकर सिंह बुंदेला, शासकीय अधिवक्ता धीरेंद्र सिंह गौर आदि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वाहन रैली में अनाउंसमेंट के जरिए नेशनल लोक अदालत में दिए जाने वाले लाभ आदि का संदेश दिया गया। वाहन रैली न्यायालय परिसर से दशहरा मैदान वहां से वापस नया बस स्टैंड, पुराना बस स्टैंड, गांधी बाजार आदि मार्गो से होकर वापस न्यायालय परिसर पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर काफी संख्या में अभिभाषकगण भी मौजूद थे।
आपको बता दें कि 14 सितम्बर को प्रातः 10.30 बजे नेशनल लोक अदालत का शुभारंभ विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के द्वारा न्यायालय परिसर में किया जाएगा।
नेशनल लोक अदालत में आपराधिक शमनीय प्रकरण, परक्राम्य अधिनियम की धारा 138 के अंतर्गत प्रकरण, बैंक रिकवरी संबंधी मामलें, एमएसीटी प्रकरण (मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा), वैवाहिक प्रकरण, श्रम विवाद प्रकरण, भूमि अधिग्रहण के प्रकरण, विद्युत एवं जलकर/बिल संबंधी प्रकरण राजस्व प्रकरण, दीवानी मामलें तथा अन्य समस्त प्रकार के राजीनामा योग्य, प्रीलिटिगेशन (मुकदमा पूर्व) एवं न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का निराकरण आपसी सहमति से किया जाएगा।
इस बार विद्युत वितरण विभाग द्वारा बड़े हुए बिजली बिल में समझौता होने की दशा में 30% की छूट दिए जाने का प्रावधान रखा गया है। वही बैंकों के ऋण वसूली प्रकरण में भी एक मुश्त राशि जमा करने पर छूट देने का प्रावधान रखा गया है।



