नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने संकल्पबद्ध- स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी
जिला अस्पताल के एसएनसीयू को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त होने पर सिविल सर्जन डॉ एके शर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया सम्मानित
स्वास्थ्य मंत्री ने भोपाल में मुस्कुराता बचपन कार्यक्रम का किया शुभारंभ
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन । प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने कहा कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। मंत्री डॉ. चौधरी मुस्कुराता बचपन उन्मुखीकरण- सह-प्रशस्ति वितरण समारोह के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दस्तक अभियान, आईडीसीएफ और शिशु स्वास्थ्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारी कर्मचारियों को सम्मानित किया। जिला अस्पताल रायसेन के एसएनसीयू को प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त होने पर सिविल सर्जन डॉ एके शर्मा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ आलोक कुमार राय को शील्ड तथा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ चौधरी ने कहा कि प्रदेश में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिये जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और उप स्वास्थ्य केन्द्र का सुदृढ़ीकरण किया गया है। डायलिसिस की सुविधा, सीटी स्केन, सोनोग्राफी जाँच सहित अनेक सुविधाएँ स्वास्थ्य संस्थाओें को उपलब्ध कराई गईं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थाओं में उपचार के लिये जरूरी जाँच, साधन और उपकरण उपलब्ध करवाये गए हैं। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य संस्थाओं की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिये सम्पूर्ण कायाकल्प अभियान में स्वास्थ्य संस्थाओं के प्रमुखों को बजट उपलब्ध कराते हुए काम कराने के अधिकार दिये गए। इससे संस्थाओें में भवन मरम्मत और जरूरी सामग्री की उपलब्धता सहित अन्य कार्यों को किया गया है।
दस्तक अभियान की शुरुआत….
उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के लिये दस्तक अभियान में बेहतर कार्य किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले ने गाँव में घर-घर दस्तक देकर प्रदेश को एनीमिया मुक्त बनाने और अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। समारोह में अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान, स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने भी संबोधित किया। समारोह में एनीमिया मुक्त मध्यप्रदेश विषय पर विद्यालयों के लिये पुस्तक और जीवन-चक्र आधारित एनीमिया एवं कुपोषण से बचाव संबंधी मार्गदर्शिका का विमोचन किया। दस्तक अभियान पर डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया।



