देवी देवताओं, भगवान को कड़ाके की सर्दी से बचाने ओढ़ाए गर्म कपड़े
आस्था श्रद्धभक्ति के केंद्र बने श्रीराधा किशन, प्रभु श्री रामदरबार
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। रायसेन शहर सहित समूचे जिले भर में इन दिनों बर्फीली हवाओं के चलने से मौसम के तापमान का पारा लुढ़क कर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। ऐसे में भगवान सहित देवी देवताओं की प्रतिमाओं को तेज ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाकर पारंपरिक तरीके से सुबह शाम पूजन कर भक्तों की खुशहाली की कामना की जा रही है।
हाड़ मांस को कंपकंपा देने वाली पड़ रही ठंड से बचाव के लिए जिला मुख्यालय के श्री राधा किशन मन्दिर यादव समाज श्रीराम लीला ग्राउंड के नजदीक और श्रीराम जानकी मंदिर लोधी समाज रायसेन में देवी देवताओं को सर्दी से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ताकि इन भगवान और देवी देवताओं की प्रतिमाओं को तेज ठंड न लग सके।
श्री राधा किशन मन्दिर यादव समाज धर्मशाला रायसेन के पुजारी पण्डित आनन्द गौतम ने बताया कि भगवान राधारमण सहित भगवान लड्डू गोपाल की प्रतिमाओं को मखमली वस्त्र पहनाए गए हैं। इसी तरह श्री राम जानकी मंदिर धर्मशाला लोधी समाज रायसेन के पुजारी पण्डित संतोष शर्मा का कहना था कि भगवान, देवी देवताओं की प्रतिमाओं को ठंड से बचाने के लिए श्रद्धालुओं द्वारा कई जतन किए जा रहे हैं। यह सनातनी रीति परंपरा सदियों पुरानी है । जो पीढ़ी दर पीढ़ी चली आ रही है।



