उमरियापान पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’: अड़ीबाजी व मारपीट करने वाले बदमाशों पर 24 घंटे में ताबड़तोड़ एक्शन

02 शातिर आरोपी गिरफ्तार, 01 नाबालिग निरूद्ध
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । जिले में असामाजिक तत्वों, अड़ीबाजी एवं गुंडागर्दी पर पूर्णतः अंकुश लगाने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के कुशल निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है । इसी क्रम में थाना उमरियापान पुलिस ने शराब के लिए अवैध पैसों की मांग, मारपीट एवं धमकी देने के दो अलग-अलग मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की है ।
थाना क्षेत्र अंतर्गत पहले मामले में पुरवा मोहल्ला निवासी एक महिला से दुकान के सामने शराब पीने के लिए जबरन पैसों की मांग कर गाली-गलौज व मारपीट की गई थी । वहीं दूसरे मामले में मुड़िया पुरवा में दो भाइयों से शराब के लिए पैसों की अड़ीबाजी करते हुए उन पर हमला कर चोट पहुंचाई गई थी । दोनों ही मामलों में पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
उमरियापान पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घटना घटित होने के महज 24 घंटे के भीतर संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों मामलों के सभी आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया । पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों बालिग आरोपियों सोमनाथ बर्मन (उम्र 18 वर्ष 06 माह) एवं आकाश उर्फ अरुण बर्मन (उम्र 19 वर्ष), दोनों निवासी उमरियापान को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है । वहीं घटना में संलिप्त एक 14 वर्षीय बालक को विधि विरुद्ध बालक के रूप में निरूद्ध (अभिरक्षा में) कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने हेतु आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की गई है ।
पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों के परिपालन में थाना क्षेत्र में गुंडागर्दी, अड़ीबाजी तथा नशाखोरी कर आमजन व राहगीरों को परेशान करने वाले तत्वों के विरुद्ध उमरियापान पुलिस द्वारा आगे भी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत ऐसी कड़ी वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।



