गांधीनगर बस्ती में सेवा भारती ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

115 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, जांच के बाद वितरित की गई आवश्यक दवाइयां
सिलवानी। नगर के वार्ड क्रमांक 7 स्थित गांधीनगर-पडान बस्ती में शुक्रवार को सेवा भारती समिति सिलवानी द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में बस्ती के रहवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया। कुल 115 मरीजों को शिविर का लाभ मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेंद्र पटेल, बरेली जिले के सेवा प्रमुख राजकुमार रघुवंशी, सेवा भारती समिति सिलवानी की उपाध्यक्ष रत्ना शुक्ला, नगर विस्तारक रोहित भाई एवं रायसेन जिले के पूर्णकालिक रंजीत धुर्वे विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
शिविर में उपस्थित चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सर्दी, खांसी, मलेरिया, टाइफाइड सहित विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया।
इस अवसर पर जिला पूर्णकालिक रंजीत धुर्वे ने सुपोषण साप्ताहिक पखवाड़े तथा सेवा भारती द्वारा किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी। वहीं डॉ. राजेंद्र पटेल ने सुपोषण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुपोषण का अर्थ संतुलित आहार एवं पौष्टिक भोजन से है, जो शरीर को सभी आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करता है। उचित पोषण से व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
शिविर के सफल आयोजन में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, संस्कार केंद्र की निरीक्षिका एवं शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग रहा। सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने भी व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर में स्वास्थ्य जांच एवं निःशुल्क दवा वितरण का लाभ मिलने पर बस्तीवासियों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।



