युवक का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनो ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के शरीर में चोट, और खून
एक दिन पहले घर से मोबाइल पर बात करते निकला था
सिलवानी । पुलिस थाना सिलवानी की पुलिस चौकी जैथारी अंतर्गत ग्राम चरगवा के पास ऊंचाखेड़ा जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से सनसनी फ़ैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस चौकी जैथारी को दी। पुलिस ने घटना स्थल पहुंच कर पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल हॉस्पिटल सिलवानी पहुंचाया गया। मृतक की पहचान अंशुल जैन पिता राजेंद्र जैन उम्र 22 साल निवासी मरहेठी (गुंदरई) के रूप में हुई।
मृतक के परिजनो ने बताया कि अंशुल जैन शुक्रवार की शाम 7 बजे किसी का मोबाइल पर काल आने पर बात करते हुए घर से निकला था। और देर रात उसको फोन लगाया तो इसका मोबाइल बंद था। शनिवार की सुबह जैथारी पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोपहर में सूचना मिली कि ग्राम चरगवा के पास ऊंचाखेड़ा जंगल में युवक का शव सागौन के पेड़ से लटका हुआ मिला है। पुलिस की सूचना पर हम लोग गए तो उसकी पहचान हम लोगो द्वारा की गई। अंशुल की बेरहमी से हत्या कर पेड़ से लटकाया गया है उसकी आंखों, गर्दन, हाथ, पैर में गम्भीर चोटो के निशान है और अभी भी खून बह रहा है। उसका मोबाइल भी घटना स्थल से नही मिला है। परिजनो की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की जावे।
मृतक एक बहन और तीन भाईयो में सबसे छोटा था और स्नातक की पढ़ाई कर रहा था। पिता कृषि कार्य करते है। परिजनो का रो रो कर बुरा हाल है।
सिलवानी थाना प्रभारी डीपी सिंह का कहना है कि मृतक अंशुल जैन शुक्रवार से गायब था। परिजनो की रिपोर्ट पर गुम इंसान कायम किया गया था। मृतक का शव शनिवार को दोपहर 2 बजे ग्राम चरगवा के पास ऊंचाखेड़ा जंगल में युवक का शव सागौन के पेड़ से लटका हुआ मिला। जिस पर परिजनो को पहचान हेतु बुलाया गया, पहचान के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु सिविल हॉस्पिटल सिलवानी पहुंचाया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर कार्यवाही की जावेगी।



