अनहोनी के साये में पढ़ने मजबूर छात्र छात्रायें
स्कूल की छत से टपक रहा पानी, शिक्षक व छात्र परेशान
रिपोर्टर : रिजवान खान
जैथारी । दीवारों में दरारें पड़ गईं हैं। छत का प्लास्टर उखड़ा हुआ है। जरा सी बारिश में ही छत से पानी टपकने लगता है। दीवारों से पानी रिसकर कमरों में भर जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते बच्चों की जान जोखिम में है। स्थिति इतनी ज्यादा खराब हो गई है कि कमरों में बच्चे बैठ नहीं पा रहे हैं।
जनपद पंचायत सिलवानी की शासकीय माध्यमिक षाला जैथारी में स्कूल के छत से पानी टपक रहा है जिसकी वजह से पूरा रूम गीला रहता है और बच्चों को गीले फर्ष पर बैठना पड़ता है। बच्चों ने बताया हम लोग रोजाना यहीं पर बैठते हैं फर्श पर पूरे में पानी रहता है जिसकी वजह से हमारे कपड़े गंदे हो जाते हैं और जगह-जगह से छत प्लास्टर गिर रहा है। इसकी वजह से हमारी जान का खतरा रहता है और स्कूल के साइड में गांव के लोग गंदगी करते हैं इसकी वजह से हमें खिड़कियां बंद करके पढ़ना पड़ता है क्योंकि इसमें से बदबू आती है। आठवीं और सातवी क्लास के बच्चे लगातार संघर्ष कर रहे हैं स्कूल में 149 बच्चे अध्ययनरत हैं जिनके साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। जिम्मेदार अधिकारी का इस ओर ध्यान है। कभी भी किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता है। अनेक छात्र छात्राओं ने बताया कि हमें स्कूल में पढ़ते हुये डर लगता है कही छत का प्लास्टर उनके उपर न गिर जाये, फर्ष में पानी हो जाने पर गीले में ही बैठना पड़ता है। जिससे उनकी डेस और बस्ते गीले हो जाते है। एक छात्रा के पिता परवेज खान ने बताया अगर इस तरह से चलता रहा तो हम अपनी बच्ची को स्कूल नहीं भेजेंगे।
इस संबंध में बीआरसीसी महजवी सिद्दीकी का कहना है कि आपके माध्यम से जानकारी मिली है हम इंजीनियर भेज कर बिल्डिंग स्थिति का अवलोकन प्रतिवेदन मंगाया जाएगा जो भी कमी है उसकी मरम्मत कराई जावेगी।



