पर्यावरणमध्य प्रदेशविधिक सेवा

पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

सिलवानी न्यायालय परिसर में विधिक सेवा समिति द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
सिलवानी। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रायसेन अनिल कुमार सुहाने के मार्गदर्शन में तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी द्वारा सोमवार को न्यायालय परिसर सिलवानी में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नगर परिषद सिलवानी के सहयोग से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि तहसील विधिक सेवा समिति सिलवानी की अध्यक्ष न्यायाधीश सुनीता पचौरिया एवं नगर परिषद अध्यक्ष रेशु जैन रहीं। दोनों अतिथियों ने न्यायालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर न्यायाधीश सुनीता पचौरिया ने उपस्थित अधिवक्ताओं, नगर परिषद कर्मचारियों, न्यायालयीन कर्मचारियों व पक्षकारगणों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण वह आवरण है जो हमें चारों ओर से ढके रहता है। यह हमसे जुड़ा है और हम इससे। इससे अलग नहीं हुआ जा सकता। प्रकृति और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। हम पर्यावरण से बहुत कुछ लेते हैं लेकिन उसके संरक्षण के लिए कदम उठाना भी हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखें एवं हर वर्ष कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं।
इस अवसर पर अभिभाषक संघ अध्यक्ष जीएस रघुवंशी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी ऋषिकांत यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव, मनोज त्रिवेदी, दीपेश समैया, विभोर जैन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, नगर परिषद एवं न्यायालयीन कर्मचारी तथा पक्षकारगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण न होकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनमानस में जागरूकता लाना भी था। उपस्थित सभी जनों ने पर्यावरण संरक्षण हेतु अपने उत्तरदायित्व का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button