मध्य प्रदेशराजनीति

जिलाध्यक्ष ने विधायक डॉ. चौधरी और मंडल अध्यक्षों ने मंत्री शिवाजी पटेल, रामपालसिंह और सुरेंद्र पटवा को बनाया सक्रिय सदस्य

जिला मुख्यालय सहित सभी मंडलों में शुरू हुई सक्रिय सदस्यता अभियान की शानदार शुरुआत
रायसेन। भारतीय जनता पार्टी द्वारा रायसेन जिले में 19 अक्टूबर से शुरू किए गए सक्रिय सदस्यता अभियान की शानदार शुरुआत हुई। जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान पूरे उत्साह के साथ शुरू किया गया। अभियान के तहत, सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी को सक्रिय सदस्य बनाकर इस प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की गई, वहीं साचेत मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र बघेल ने जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा का फॉर्म भरते हुए उन्हें भी सक्रिय सदस्य बनाया।
जिले के अन्य हिस्सों में भी इस अभियान को व्यापक रूप से लागू किया गया। बरेली के विधायक कार्यालय शिवाजी सेवा सदन में स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने मंडल अध्यक्ष की उपस्थिति में सक्रिय सदस्यता ग्रहण की, जबकि भोपाल में पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह को मंडल अध्यक्ष कमल साहू ने सक्रिय सदस्य बनाया। मंडीदीप में विधायक सुरेंद्र पटवा ने भी मंडल अध्यक्ष के समक्ष सक्रिय सदस्य बने। इस प्रकार जिले के सभी 22 भाजपा मंडलों में सक्रिय सदस्यता अभियान की गूंज सुनाई दी, जहां मंडल अध्यक्षों को सौ-सौ सक्रिय सदस्य बनाने का दायित्व सौंपा गया है।
इस अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा ने पार्टी हाईकमान के निर्देशानुसार सक्रिय सदस्यता अभियान के महत्व और प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सक्रिय सदस्यता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को ₹100 की राशि ऑनलाइन जमा करनी होगी। साथ ही, प्राथमिक सदस्यता अभियान भी अभी जारी है, जिसमें जिन कार्यकर्ताओं ने 100 प्राथमिक सदस्य नहीं बनाए हैं, वे इसे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पूरा कर सकते हैं।
सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने अपने संबोधन में इस अभियान को भाजपा की जड़ों को और मजबूत करने वाला बताया और कहा कि सभी मंडल अध्यक्ष इस कार्य में सक्रियता से जुटे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान जिला उपाध्यक्ष राकेश तोमर, धीरेंद्र सिंह कुशवाह, जमना सेन, नगर मंडल अध्यक्ष आदित्य शर्मा, वीरेंद्र बघेल, सांची मंडल अध्यक्ष संतोष शर्मा, कार्यालय मंत्री जीतू ठाकुर, चंद्रकृष्ण रघुवंशी, देवेंद्र यादव और भाजपा मीडिया प्रभारी सी.एल. गौर समेत कई अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button