अधूरे सड़क निर्माण से रहवासियों में आक्रोश, नगर परिषद कार्यालय में हंगामा

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। नगर के मुख्य मार्ग से किसानी मोहल्ले तक बनाई जा रही करीब 800 मीटर लंबी सड़क को अधूरा छोड़ देने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। सोमवार को आक्रोशित रहवासियों ने नगर परिषद कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा किया और जल्द से जल्द सड़क का काम पूरा करने की मांग की।
लगभग 58 लाख की अनुमानित लागत से बन रही इस कंक्रीट सड़क का काम चौक बाजार से किसानी मोहल्ले की तरफ अमन शर्मा के घर तक लगभग 400 मीटर में अधूरा छोड़ दिया गया है। निर्माण एजेंसी ने इसके पीछे लिमिट पूरी होने’और ‘राशि कम होने’ का हवाला दिया है। एजेंसी का कहना है कि उन्होंने निर्धारित एस्टीमेट और क्षेत्रफल के अनुसार काम पूरा कर लिया है, और अब आगे के काम के लिए रिवाइज्ड एस्टीमेट का इंतजार कर रहे हैं।
महीनों से परेशान हैं रहवासी
स्थानीय निवासी सुधीर भार्गव, मलखान गौर, अमन शर्मा, मनोज साहू, कुलदीप साहू और मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि 8 महीने पहले सड़क बनाने के लिए उनकी सड़क को खोदकर तहस-नहस कर दिया गया था। तब से उन्हें आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सड़क के निर्माण से पहले ही कार्यस्थल का क्षेत्रफल, लंबाई-चौड़ाई और बजट तय हो जाता है, तो फिर राशि कम होने का हवाला क्यों दिया जा रहा है?
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जो सड़क बनी है, उसमें भी कई जगहों पर नालियां नहीं बनाई गई हैं। जहां नालियां बनी भी हैं, वहां तकनीकी नियमों का ध्यान नहीं रखा गया है, जिससे जल-भराव की समस्या बनी हुई है। नाराज लोगों ने नवरात्र से पहले सड़क का काम पूरा कराने की मांग की है।
प्रशासन का आश्वासन
इस मामले पर नगर परिषद के सीएमओ सुधीर उपाध्याय का कहना है कि जल्द ही रिवाइज्ड एस्टीमेट तैयार कर सड़क का अधूरा निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।



