मध्य प्रदेशराजनीति

किरार समाज ने किया राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का सम्मान

सम्मान कराने नही समाज सेवा करने के लिए मंत्री बना हूं- राज्य मंत्री पटेल
रिपोर्टर : मधुर राय
बरेली। अपना सम्मान करने के लिए नहीं, बल्कि समाज सेवा करने के लिए मैं मंत्री बना हूं, समाज को यदि सम्मान करना ही है तो मेरे पूज्य पिताजी का सम्मान करें, जिन्होंने समाज को एकजुट करने का काम किया है, मेरे पूज्य पिताजी ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा में लगा दिया, इसीलिए यदि कोई सम्मान का हकदार है तो वह मेरे पूज्य पिताजी शिवाजी पटेल हैं। समाज को उनका सम्मान करना चाहिए, मेरे पिता जी शिवाजी पटेल का जीवन सभी के लिए प्रेरणादायक है। यह बात मध्य प्रदेश शासन के राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने नगर के किरार भवन में आयोजित अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा जिला इकाई रायसेन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह कार्यक्रम में कहीं। अपने उद्बोधन में राज्य मंत्री पटेल ने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने मुझे स्वास्थ्य मंत्री बनाया है। और मेरा प्रयास रहेगा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं चुस्त दुरुस्त हो, इस दिशा में मैंने काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि गलत के सामने मैं कभी नहीं झुका और ना झुकूंगा, और आप सभी से भी मैं कहना चाहूंगा कि गलत के सामने टूटना नहीं है, झुकना नहीं है, यह बात अपने बच्चों को सिखाने की जरूरत हैं। बच्चे मनोरंजन से नहीं बलिदान और संघर्ष से सीखें। हम सभी को साथ मिलकर आगे अच्छा करना है, मैं सभी के साथ 24 घंटे खड़ा हूं। और मैं सभी समाज जनों से यह भी कहना चाहूंगा कि केवल किरार समाज ही नहीं बल्कि उदयपुरा विधानसभा के 2 लाख 62 हजार मतदाता मेरा परिवार हैं। जिनके लिए 24 घंटे मेरे घर के दरवाजे खुले हैं। दूसरों के घरों में बर्तन मांजने वाली मां का बेटा प्रधानमंत्री है, आज देश में लोकतंत्र स्थापित हो गया है। मैं अनुशासन पसंद ब्यक्ति हूं, सभी को अनुशासन का पालन करना पड़ेगा क्योंकि जितना मैं सरल और सहज हूं उतना ही नियमों का पालन कराने में खरा हूं। किरार समाज के साथ ही मेरा सभी समाजों के लोगों से आग्रह है कि समाज के छोटे-छोटे बच्चों जो कि आर्थिक रूप से सक्षम नहीं है और पढ़ लिख कर आगे बढ़ना चाहते हैं,उनका सहयोग कर उन्हें आगे बढ़ने में साथ दें। अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा जिला इकाई रायसेन ने मेरा सम्मान किया जिसके लिए मैं समाज का आभारी हूं। कार्यक्रम में रायसेन जिले से बड़ी संख्या में आए किरार समाज के लोगों ने फूल मालाएं पहनाकर और स्मृति चिन्ह देकर राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन भबूतसिंह खूते और आभार व्यक्त अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के जिला अध्यक्ष शंकरसिंह पटेल माता वालों ने किया।

Related Articles

Back to top button