चार्टर्ड बस में लगी भीषण आग, बाल- बाल बचे यात्री
भोपाल से सागर जा रही चार्टर्ड बस
53 सीटर बस में 23 यात्री ही सवार थे
रिपोर्टर : बलवीर सिंह रघुवंशी
विदिशा । सोमवार को नेशनल हाईवे 126 पर उस वक्त हंगामा मच गया जब यात्रियों से भरी चार्टर्ड बस में अचानक आग लग गई, जिसके बाद यात्रियों में अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया, सभी को फौरन बस से नीचे उतारा गया।
भोपाल से सागर जा रही चार्टर्ड बस के इंजन में शार्ट सर्किट से सोमवार दोपहर में आग लग गई। पास से गुजर रहे बाइक चालक ने धुआं उठता देख चालक को बताया।
चालक ने जैसे ही साइड मिरर में देखा तो तेज धुआं उठ रहा था। उसने सूझबूझ दिखाते हुए बस रोकी और सभी 23 यात्रियों को नीचे उतार दिया।
करीब 20 मिनट में ही बस खाक हो गई। हादसा सागर रोड पर मड़ीपुर- चक्क पाटनी गांव के बीच दोपहर करीब 12.30 बजे हुआ। बस के चालक सुरेश सूर्यवंशी ने बताया कि बाइक चालक की सूचना के बाद मैंने साइड मिरर देखा तो धुआं निकल रहा था। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
बस के हेल्पर सागर निवासी अनुज श्रीवास्तव ने बताया कि सभी यात्री भोपाल से सागर जा रहे थे। हमें जैसे ही पता लगा कि बस में धुआं निकल रहा है तो हम रुक गए। इसके बाद सभी यात्रियों को और उनके सामान को उतार दिया। इस बीच फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड आई तब तक बस पूरी तरह जल गई। बस को जलने में करीब 20 मिनट ही लगे। बस 53 सीटर थी लेकिन उसमें 23 यात्री ही सवार थे। इसलिए सभी आसानी से उतर गए। बस में पीछे इंजन था, इसलिए शार्ट सर्किट से पहले वायर जले। इसके बाद आग बेकाबू हो गई।
सीएसपी राजेश तिवारी ने बताया कि दोपहर में सवारी लेकर भोपाल से सागर एक चार्टर्ड बस जा रही थी। इस दौरान अचानक बस के इंजन जो कि पीछे की साइड रहता है उसमें से धुंआ निकलता हुआ दिखाई दिया इसके बाद ड्राइवर ने सावधानी बरतें हुए बस को एक साइड खड़ा किया और सभी यात्रियों को बस से नीचे उतार दिया। आग बस में तेजी से फैल गई और डीजल टैंक तक पहुंच गई जिसके बाद भारी धमाका हुआ।



