उधडने लगी 1 करोड की लागत से बनी टोला से बरेली सड़क

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम टोला से बरेली गांव तक लगभग 2 किलोमीटर लंबाई की हाल ही में बनाई गई सड़क का डामर उधड़ने लगा है। बताया जाता है लगभग 4 माह पहले ही सडक में डामरीकरण किया गया है । वह अब जगह जगह से उधडकर निर्माण में कमियों की पोल खोल रहा है। सडक में कई स्थानों पर गिट्टी व उधडा डामर बिखरा हुआ स्पष्ट दिखाई दे रहा है । जानकारी अनुसार जिला खनिज प्रतिष्ठान मद से एक करोड की लागत से सडक का निर्माण किया गया है। जिसमें शुरू से ही अनियमितताएं हावी रही। जिस पर विभागीय अधिकारियों ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया । जिसके चलते सडक में अब इस तरह हालात निर्मित हो रहे है । वहीं सडक के गारंटी पीरियड में होने के बाद भी मरम्मत की दिशा में संबंधित अधिकारियों द्वारा कदम नहीं उठाये जा रहे। जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है उमरियापान सहित आसपास क्षेत्रों से सिद्ध स्थल भरभरा आश्रम पहुँचने के लिए ज्यादातर श्रृद्धालु इसी सडक से आवागमन करते है । इसके अलावा ग्राम बार, बरेली एवं ग्राम इटवा के ग्रामीण एवं स्कूली छात्र छात्राएं भी उक्त सडक पर आवागमन करते है।
पदमेश गौतम, सांसद प्रतिनिधि का कहना है कि सडक की वर्तमान स्थिती के बारे में संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। साथ ही तकनीकी दल से सडक की जांच कराते हुए शीघ्र सडक को दुरुस्त कराये जाने पहल की जाएगी।



