मध्य प्रदेश

विधायक ने विधानसभा क्षेत्र से अवैध शराब पैकारियों पर रोक लगाने पुलिस अधीक्षक को दिया पत्र

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। बड़वारा विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब पैकारियों का संचालन एक बड़ी समस्या बन चुका है। गांव-गांव में शराब सहज उपलब्धता हो जाती है। विधायक ने बताया कि अवैध शराब पैकारियां के कारण सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है, ओर युवा पीढ़ी नशे के गर्त में डूबती जा रही है । इस गंभीर स्थिति को देखते हुए बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को पत्र दिया, जिसमें उन्होंने पूरे विधानसभा क्षेत्र के ग्रामों से अवैध शराब की पैकारियों को तत्काल बंद कराया जाए।
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि विधानसभा क्षेत्र के अधिकांश गांवों में शराब ठेकेदारों की आड़ में अवैध शराब की पैकारियां संचालित की जा रही हैं । इन अवैध गतिविधियों के चलते शराब गांव-गांव तक पहुंच रही है और इसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव समाज के युवाओं पर पड़ रहा है । नवयुवक नशे की ओर झुक रहे हैं और नशे के आदि होने के बाद वे चोरी, लूटपाट और अन्य अपराधों की ओर बढ़ रहे हैं । और शांतिपूर्ण वातावरण भी खतरे में पड़ता जा रहा है।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि जब समाज का युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में आता है तो उसका भविष्य अंधकारमय हो जाता है। पढ़ाई-लिखाई और रोजगार के बजाय नशा उनका जीवन नष्ट कर देता है । साथ ही, नशे के कारण परिवारों का आर्थिक-सामाजिक ढांचा भी कमजोर हो जाता है। विधायक ने बताया कि इस समस्या की जड़ अवैध शराब पैकारियां हैं, यदि समय रहते बंद नहीं कराया गया तो आने वाले समय में यह समस्या और विकराल रूप धारण कर सकती है।
विधायक ने अपने पत्र में यह भी लिखा है कि जो शराब ठेके शासन द्वारा अधिकृत हैं, उनका संचालन भी शासन के नियमों और दिशा निर्देशों के अनुरूप नहीं हो रहा है। कई ठेकों पर तय शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा, जिससे सरकार को भी आर्थिक नुकसान हो रहा है और जनता भी परेशान हो रही है। उन्होंने मांग की है कि अधिकृत शराब ठेकों के संचालन पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वहां सभी नियमों का पालन किया जाए ।
विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से आग्रह किया है कि अवैध पैकारियों पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा है कि गांव-गांव में चल रही अवैध शराब की पैकारियों को रोकने के लिए सघन अभियान चलाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करे । उन्होंने कहा है कि कार्रवाई कर अवगत कराई जाए, ताकि जनता के बीच यह संदेश जाए कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए गंभीर हैं।

Related Articles

Back to top button