महिला बाल विकास की सजगता से एक बाल विवाह रोका गया
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । थाना सुल्तानगंज अंतर्गत ग्राम पिपलिया बिचोली में एक 16 वर्षीय किशोर का विवाह 17 वर्षीय किशोरी के साथ किए जाने की जानकारी लगते ही महिला बाल विकास विभाग पुलिस के साथ संबंधित के घर पहुंच गया और बाल विवाह को रोकने की कार्रवाई की। महिला बाल विकास विभाग की सजगता से दोनों ही परिवार बालिग होने के बाद विवाह करने पर राजी हो गए।
ग्राम पिपलिया बिचोली निवासी बिहारीलाल के 16 वर्षीय पुत्र सीताराम का विवाह नया गांव निवासी 17 वर्षीय कन्या के साथ संपन्न होने की जानकारी महिला बाल विकास विभाग को लगी दोनों ही परिवारों में विवाह की तैयारियां चल रही थी।
महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक प्रेम बाई पंथी, सुल्तानगंज थाने से आरक्षक पंकज अवस्थी, महिला आरक्षक शीतल मेहरा व अन्य कर्मचारियों की टीम नयागांव पहुंची और वहां छात्रा के 12 वीं क्लास में अध्ययनरत होने उसकी अंकसूची, आधार कार्ड वगैरह की जांच करने पर उसकी आयु 17 वर्ष पाई, वहीं आधार कार्ड के हिसाब से पिपलिया बिचोली में सीताराम की आयु 16 वर्ष पाए जाने पर दोनों ही जगह पंचनामा आदि बनाने के उपरांत दोनों ही परिवारों से लिखित में वचन लिया गया है कि वे बालिग होने के बाद ही अपने बेटे बेटी का विवाह करेंगे।
महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक प्रेमबाई पंथी का कहना है कि बाल विवाह को रुकवा दिया गया है यदि शर्तों का उल्लंघन करेंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।



