गोहरगंज में मासूम से दुष्कर्म की घटना पर सिलवानी में उबाल
सकल सनातन समाज सहित सभी धर्मों ने एकजुट होकर प्रतिष्ठान बंद कर निकाली विशाल रैली
तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
आरोपी को फांसी देने की मांग
सिलवानी । गोहरगंज में बीते दिनों 6 वर्षीय मासूम बालिका के साथ हुए दुष्कर्म की जघन्य घटना के विरोध में सोमवार को सिलवानी नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हिंदू उत्सव समिति के बैनर तले सकल सनातन समाज, करणी सेना, रघुवंशी समाज, मुस्लिम कमेटी सहित विभिन्न समाजों एवं धर्मों के लोगों ने एकजुट होकर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और फांसी की सजा की मांग करते हुए बजरंग चौराहा से सैकड़ों की संख्या में लोगों ने पैदल मार्च निकालते हुए तहसील कार्यालय पहुंचे नागरिकों ने आरोपी को फांसी दो के नारे लगाए। भीड़ के बढ़ते कदमों के साथ गुस्सा साफ झलक रहा था। रैली तहसील कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपने के साथ समाप्त हुई, जहां प्रभारी तहसीलदार सुधीर शुक्ला को मुख्यमंत्री कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि 6 वर्षीय मासूम के साथ हुई यह घटना न केवल अमानवीय है, बल्कि जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। सकल सनातन समाज ने प्रकरण में फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर आरोपी को जल्द से जल्द कठोरतम दंड दिलाने की मांग की। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता सुरक्षा और उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। सामाजिक संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने त्वरित और कठोर कार्रवाई नहीं की तो वे जिले भर में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
स्थानीय नागरिकों ने कहा कि समाज का धैर्य टूट रहा है और प्रशासन को जल्द से जल्द अपराधी को पकड़कर कठोर दंड दिलाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। ज्ञापन सोपने वालों में हिंदू उत्सव समिति अध्यक्ष राजीव सोनी, नगर परिषद पूर्व उपाध्यक्ष सलीम काजी, महेश नामदेव, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विभोर नायक, सुनील जैन, रवि गुप्ता, सुशील सोनी, पार्षद प्रदीप कुशवाहा, कल्लू मंसूरी, सीताराम साहू, रघुवंशी समाज ब्लॉक अध्यक्ष राजीव रघुवंशी, संदीप रघुवंशी, जयबाबू जैन सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



