10 साल में ऐसा तीसरी बार : बारिश अब तक जारी, पिछले साल 8 अक्टूबर को थम गई थी, लेकिन इस साल 10 अक्टूबर तक मचाई धूम
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। 10 अक्टूबर तक विदा होने वाला मानसून अब भी सक्रिय है। पिछले 10 साल में ऐसा तीसरी बार हो रहा है जब मानसून 10 अक्टूबर के बाद सक्रिय है। देर रात जमकर बरसे काले बदरा जिससे धान के खेत फिर से भर गए हैं।
मानसून आए 100 दिन बीत गए हैं। इसके बावजूद बारिश का सिलसिला थम नहीं रहा है। साल 2013 में मानसून 13 अक्टूबर को और साल 2016 में 12 अक्टूबर तक मानसून विदा हो गया था। लेकिन इस बार 20 अक्टूबर तक ही विदा होने के आसार दिख रहे हैं। यह भी आने वाले समय पर निर्भर करेगा।
सोमवार को शहर में आसमान पर बादल छाए रहे और शाम को बूंदाबांदी हुई। खास बात ये है कि कार्तिक मास भी शुरू हो गया है। इससे पहले सावन, भादौ और क्वांर की शुरुआत भी बारिश से ही हुई थी। कृषि कालेज के मौसम वैज्ञानिक डॉ बएसएस तोमर ने बताया कि जो चक्रवात उत्तर भारत की तरफ चला गया था लेकिन सोमवार से उसका रुख बदल गया है। इसलिए सोमवार को घने बादल छाए और कई जगह बारिश हुई। उन्होंने बताया कि प्रदेश के उत्तरी हिस्से में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर हो रहा है।
हरियाणा के दक्षिणी हिस्से में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। ट्रफ लाइन के कारण नमी भी आ रही है। इसका असर होने से गरज चमक वाले बादल बन गए थे। इस वजह से मौसम ऐसा हो गया है।
इसके पहले जिले से कब-कब विदा हुआ मानसून
2021 ………… 08 अक्टूबर
2020………… 10 अक्टूबर
2019………….. 01 अक्टूबर
2018…………… 01 अक्टूबर
2017…………… 30 सितंबर
2016…………… 12 अक्टूबर
2015……………. 29 सितंबर
2014……………. 28 सितंबर
2013……………. 17 अक्टूबर
2012……………. 26 सितंबर



