चौकीदारों को आपदा से बचाव का दिया प्रशिक्षण

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । जनपद पंचायत सभागार में तहसील के 156 ग्राम चौकीदारों में से आज 50 चौकीदारों ने सिविल डिफेंस वालिंटियार का प्रशिक्षण लिया।
जिला मुख्यालय से आई एसडीईआरएफ की टीम के पीसी देवीसिंह परते, सैनिक वीरेंद्रसिंह राजपूत, कमलेश कुमावत, श्यामचरण राठौर, धर्मेंद्र कुशवाह एवं विजय कुशवाह ने 50 ग्राम चौकीदारों को प्रशिक्षित करते हुए उन्हें प्राकृतिक आपदा से निपटने एवं विकट परिस्थितियों में इंसानों की जान बचाने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर, फायर सिलेंडर, कटर, आरी, कुल्हाड़ी, स्ट्रेचर, मेडिकल किट, सायरन समेत अनेकों बचाव यंत्रों से प्रेक्टिकल रूप से मॉकड्रिल के गुण सिखाए।
इस अवसर पर एसडीएम सौरभ मिश्रा, तहसीलदार एसआर देशमुख, थाना प्रभारी राजीव उइके, जनपद पंचायत कर्मी बृजेश शर्मा, अशोक शर्मा, एवं होमगार्ड्स की मौजूदगी में सिविल डिफेंस प्लान के तहत आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित उपचार की तैयारियों की जांच एवं आपदा से बचाव को लेकर 50 चौकीदार वालिंटियारों मॉकड्रिल के लिए जिले से आई मप्र आपदा नियंत्रण बल की 7 सदस्यीय प्रशिक्षित टीम के द्वारा अपने साथ आपदा से निपटने से संबंधित यंत्रों के द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।
एसडीएम सौरभ मिश्रा ने प्रशिक्षित चौकीदारों से लिए गए प्रशिक्षण के संबंध में सवाल जवाब करते हुए प्राकृतिक आपदा एवं विपरीत परिस्थितियों में कैसे निपटेंगे। इस पर चर्चा की साथ ही उन्होंने सभी चौकीदारों को निर्देशित किया कि अपने पास तेज लाइट टॉर्च, मेडिकल किट एवं अन्य आवश्यक सामग्री सभी चौकीदार रखें। इमरजेंसी में तत्काल घर में मौजूद चादर या कंबल से स्ट्रेचर तैयार करने एवं एम्बुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल ले जाने और उनका त्वरित रूप से उपचार प्रारंभ कराने के लिए मरीजों की स्वास्थ्य जांच कराकर आवश्यक उपचार प्रारंभ कराएं। आपदा प्रबंधन वालिंटियारों की टीम विपरीत परिस्थितियों में पीड़ितों को बचाने एवं उनकी हरसंभव मदद करने के लिए तैयार की जा रही है। इसके अतिरिक्त उन्हें सिविल डिफेंस के लिए भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।



