10 हजार का सजायाफ्ता हत्या आरोपित दमोह से गिरफ्तार
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । जून 2019 में बड़गवां गांव में भूमि विवाद में हुए जघन्य हत्याकांड का 10 हजार का ईनामी सजायाफ्ता आरोपित दमोह में मजदूरी करता हुआ पकड़ा गया।
एसपी पंकज पांडे के निर्देशन एवं एडिशनल एसपी कमलेश खरपुशे व एसडीओपी आलोक श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजीव उइके के नेतृत्व में आरक्षक जितेंद्र सिंह, राहुल मिश्रा एवं शौरभ राजपूत की टीम ने बड़गवां में भूमि विवाद में एक व्यक्ति की जघन्य हत्या के आरोपित को गिरफ्तार किया।
थानाप्रभारी राजीव उइके ने बताया कि दिनांक 23 जून 2019 को दीनदयाल लोधी पिता फागूलाल लोधी 55 वर्ष ने अपने दो पुत्रों हलकोटी लोधी, राजा लोधी व दोनों भाई माखन लोधी, उजागर लोधी एवं साथी हीरालाल अहिरवार, रंजीत अहिरवार के साथ मिलकर मेघराज लोधी पिता केशरी लोधी 40 वर्ष की भूमि विवाद के चलते जघन्य हत्या कर दी थी।
पुलिस ने 4 आरोपित मलखान लोधी, हलकोटी लोधी, हीरा अहिरवार एवं रंजीत अहिरवार को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। जबकि दीनदयाल लोधी, उसका एक भाई उजागर सिंह लोधी एवं एक पुत्र राजा लोधी फरार हो गए थे।
जिनकी फरारी में ही पुलिस ने उक्त जघन्य हत्याकांड के मामले में चालान अपर सत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया था।
विचारण अपर सत्र न्यायालय के न्यायाधीश द्वारा फरियादी एवं आरोपित पक्ष की दलीलों एवं गवाहों के बयान के आधार पर 4 अभियुक्तों में मलखान सिंह लोधी, हलकोटी लोधी, हीरा लाल अहिरवार एवं रंजीत अहिरवार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। जबकि तीन आरोपितों दीनदयाल लोधी पुत्र राजा लोधी एवं भाई उजागर सिंह लोधी फरार हो गए थे, पुलिस जिनकी सरगर्मी से तलाश में जुटी हुई थी।
बीती मंगलवार की रात में पुलिस टीम ने सूचना मिलते ही दमोह में 6 साल से किराए के घर में रहकर मजदूरी करने वाले 10 हजार के इनामी बदमाश मुख्य आरोपित दीनदयाल लोधी को धरदबोचा। दो अन्य आरोपित उजागर सिंह लोधी एवं राजा लोधी अभी भी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने उन पर भी इनाम घोषित किया है।



