मध्य प्रदेश

एक सड़क की मौत, बेगमगंज – सुल्तानगंज मार्ग पूरी तरह बर्बाद , आवागमन बाधित होने से क्षेत्र के लोगों में बढ़ा आक्रोश

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । बेगमगंज -सुल्तानगंज का मुख्य मार्ग 25 किलोमीटर पूरी तरह से खत्म हो गया है। एक दशक पहले बनाए गए इस मार्ग पर अब जगह – जगह गहरे -गहरे गड्ढे और खाई पैदा हो गई है । जिसके कारण चार पहिया वाहन तो दूर अब दो पहिया वाहन भी चलना मुश्किल हो गए हैं । इस मार्ग पर आए दिन वाहन दुर्घटनाएं होने से कई लोग चोटिल हो गए हैं और कुछ काल के गाल में समा गए।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महामंत्री राजेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में तुलसीपार एवं पांडाझिर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों द्वारा 25 किलोमीटर की बेगमगंज सुल्तानगंज सड़क की दुर्दशा को लेकर आक्रोश व्यक्त करते हुए सड़क पर चक्काजाम एवं विरोध प्रदर्शन किया।
सड़क पर चक्काजाम ओर प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस नेता राजेंद्र सिंह तोमर सहित ग्रामीणजनों का आरोप है कि 10 वर्ष पूर्व करीब 50 करोड़ रुपयों की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया गया था । लेकिन एक दशक के अंदर ही सड़क पूरी तरह गड्ढों में परिवर्तित हो गई ।जगह -जगह गहरे – गहरे गड्ढे होने से आवागमन बाधित होने लगा है ।पूरी तरह उखड़ चुकी सड़क पर चार पहिया एवं अब दो पहिया वाहन भी चलाना मुश्किल हो गया है।
इस क्षेत्र में तहसील की 60 प्रतिशत आबादी निवास करती है और एकमात्र सड़क उनके आवागमन का साधन है । बर्बाद सड़क को लेकर 5 वर्ष में दर्जनों बार ज्ञापन देने और शिकायतें किए जाने के बाद भी सड़क का कायाकल्प नहीं हो सका है ।
आज अगर इस क्षेत्र का कोई व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार हो जाए या किसी महिला की डिलेवरी का मामला हो तो उसका तो फिर ईश्वर ही रक्षक है ।
गड्डों में सड़क ढूंढ रहे ग्रामवासियों का आरोप है कि राजनीतिक ठेकेदारों द्वारा सड़क का निर्माण किया गया था इसलिए 10 वर्ष के अंदर ही पूरी की पूरी सड़क सैकड़ों गड्डों एवं कच्चे मार्ग में परिवर्तित हो गई है ।
विधायक रामपाल सिंह राजपूत का कहना है कि इस सड़क के पुनः निर्माण के लिए टेंडर हो गए हैं । वर्षाकाल के बाद काम लग जाएगा।

Related Articles

Back to top button