प्रथम चरण में 3 निकायों तथा द्वितीय चरण में 8 निकायों में होंगे चुनाव

रायसेन । राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 कार्यक्रम के तहत रायसेन जिले में दो चरणों में नगरीय निकाय आम निर्वाचन संपन्न होंगे। प्रथम चरण में दिनांक 6 जुलाई 2022 को नगर परिषद सिलवानी, नगर परिषद बाड़ी तथा नगर परिषद बरेली में मतदान संपन्न होगा।
इसी प्रकार द्वितीय चरण में दिनांक 13 जुलाई 2022 को नगर पालिका परिषद रायसेन, नगर पालिका परिषद बेगमगंज, नगर पालिका परिषद मंडीदीप, नगर परिषद सांची, नगर परिषद गैरतगंज, नगर परिषद ओबेदुल्लागंज, नगर परिषद सुल्तानपुर तथा नगर परिषद उदयपुरा में मतदान संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण की मतगणना तथा चुनाव परिणामों की घोषणा 17 जुलाई को की जाएगी तथा द्वितीय चरण की मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 18 जुलाई को की जाएगी।
नगरीय निकाय चुनाव में 249026 मतदाता करेंगे मतदान
जिले के 11 नगरीय निकायों में 10 मई 2022 की स्थिति में कुल 249026 मतदाता हैं। इनमें 130521 पुरूष मतदाता, 118481 महिला मतदाता एवं 24 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले के नगरीय निकाय रायसेन के 18 वार्डो में कुल 40133 मतदाता, नगरीय निकाय बेगमगंज के 18 वार्डो में कुल 24357 मतदाता, नगरीय निकाय मण्डीदीप में कुल 68632 मतदाता, नगरीय निकाय सॉची के 15 वार्डो में कुल 7428 मतदाता, नगरीय निकाय गैरतगंज के 15 वार्डो में कुल 13521 मतदाता, नगरीय निकाय सिलवानी के 15 वार्डो में कुल 15064 मतदाता, नगरीय निकाय उदयपुरा के 15 वार्डो में कुल 13964 मतदाता, नगरीय निकाय बरेली के कुल 15 वार्डो में 12541 मतदाता, नगरीय निकाय बाड़ी के कुल 15 वार्डो में 15588 मतदाता, नगरीय निकाय सुल्तानपुर के 15 वार्डो में 7927 मतदाता एवं नगरीय निकाय औबेदुल्लागंज के 15 वार्डो में कुल 16637 मतदाता हैं।



