देश विदेशमध्य प्रदेश

मोबाइल पर पब्जी खेलते-खेलते परवान चढ़ा प्यार, लव मैरिज कर एक दूसरे के हुए

रायसेन के लड़के से शादी करने नैनीताल से आई लड़की
रायसेन । आपने मोबाइल और नेटवर्किंग के माध्यम से साइबर क्राइम जैसे ऑनलाइन गेम को लेकर ब्लैकमेलिंग, घर छोड़ना, अपने ही परिजनों के पैसे उड़ा देना और खुदकुशी कर लेना जैसे तमाम खबरें सुनी और देखी होगी। परन्तु हम आपको जो बता रहे ये नहीं सुना होगा कि ऑनलाइन गेम खेलते खेलते किसी को प्यार हो गया। लेकिन ऐसा ही हुआ है। चौकिये मत पढिये ….. मध्यप्रदेश के रायसेन का युवक और उत्तराखंड के नैनीताल की युवती ऑनलाइन गेम पब्जी खेलते-खेलते एक-दूसरे को दिल दे बैठे। प्यार ऐसा परवान चढ़ा कि दो साल के रिलेशनशिप के बाद दोनों ने भागकर शादी कर ली। इनकी प्रेम कहानी तब सामने आई जब युवती के परिवार ने नैनीताल के थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार को नैनीताल की पुलिस रायसेन पहुंची। यहां युवती ने वापस जाने से मना कर दिया।
कैसे पब्जी ने दो अलग-अलग राज्यों में बैठे गेम पार्टनर को लाइफ पार्टनर बना दिया…
रायसेन के योगेश ने बताया कि ढाई साल पहले की बात है। उस समय देश में पब्जी गेम बैन नहीं था। मैं रोज इस गेम को खेलता था। गेम में ही उत्तराखंड के नैनीताल में रहने वाली शीतल से दोस्ती हुई। वह तब बीएससी की छात्रा थी। शीतल मेरी गेम पार्टनर बन गई। हम साथ में गेम के टास्क को पूरा करते थे। हमें एक-दूसरे की आदत हो गई थी। पता ही नहीं चला कि हमारी ये दोस्ती प्यार में कैसे बदल गई। हमने कॉन्टैक्ट नंबर एक्सचेंज किए। पहले वॉट्सऐप पर चैटिंग से शुरुआत हुई। धीरे-धीरे फोन पर बातें होने लगीं। हमने कभी एक-दूसरे को नहीं देखा था। फिर एक दिन वीडियो कॉल किया। वो पहली बार था, जब हमने एक-दूसरे को देखा था। इस दिन के बाद से यह सिलसिला करीब दो साल तक चलता रहा। एक दिन हमने मिलने का सोचा। पहली मुलाकात में ही हमने शादी करने का फैसला कर लिया। इसके बाद दूसरी बार हम 21 जुलाई को मिले और इसी दिन शादी कर ली।
युवती के बिना लौटी नैनीताल पुलिस
रविवार को नैनीताल पुलिस रायसेन पहुंची। पुलिस ने रायसेन के वार्ड 11 में रहने वाले योगेश और शीतल को थाने में बुलाया। दोनों के बयान लिए गए। इस दौरान थाना प्रभारी आशीष सप्रे ने दोनों को समझाइश दी। नैनीताल की पुलिस युवती को अपने साथ ले जाना चाहती थी, लेकिन शीतल ने जाने से मना कर दिया। उसने कहा, वह अपने पति के साथ ही रहना चाहती है। अपनी इच्छा से योगेश से शादी की है। किसी का कोई दबाव नहीं है। इस पर नैनीताल पुलिस राजी हो गई और युवती को लिए बिना ही लौट गई।

Related Articles

Back to top button