प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही कबड्डी टीम का किया स्वागत
व्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । प्राचीन समय से ही कबड्डी नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र का पसंदीदा खेल रहा है लेकिन इसकी ओर ध्यान नहीं देने के कारण राष्ट्र स्तर पर इसका स्तर निरंतर गिरता जा रहा है लेकिन अब मध्यप्रदेश अमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन ने जो 24 सूत्रीय नियम लागू किए है उसके अनुसार ही कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हो सकेगी जिससे इस खेल को राष्ट्रीय स्तर पर महत्व मिल सकेगा बेगमगंज युवा केंद्र द्वारा जो कबड्डी टीम प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता खातेगांव में आयोजित हो रही है उसमें शामिल टीम के खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना हमारी परिषद करती है।
उक्त उद्गार नपा के सभाकक्ष में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने जाने वाली कबड्डी टीम के स्वागत उपरांत नपा अध्यक्ष संदीप लोधी ने व्यक्त किए और सभी खिलाड़ियों सत्यम लोधी, अमन श्रीवास्तव, विवेक दुबे, आदित्य पटेल, अंकित ठाकुर, अनुराग जैन, विशाल ठाकुर, वंश लोधी, अभिषेक राय, पुष्पेंद्र लोधी, प्रयांश जाट, जितेंद्र जाट कोच नरेंद्र कुशवाह, टीम मैनेजर सूरज जाट का नपा अध्यक्ष संदीप लोधी, उपाध्यक्ष सुदर्शन घोसी, पार्षद प्रतिनिधि बृजेश लोधी, सत्तू महाराज, जनपद सदस्य राजेंद्र सिंह सोलंकी, लोकेंद्र लोधी, जनपद सदस्य प्रतिनिधि यशवंत सिंह राजा लोधी एवं सचिन नेमा ने फूल मालाओं से स्वागत किया ।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में कोई ठोस नियम न होने के कारण राज्य की प्रतियोगिताओं में आयोजकों, टीमों, खिलाड़ियों, आफिशियल में आपस में सही तालमेल और एकरूपता न होने से उसका प्रभाव राज्य की कबड्डी प्रतियोगिताओं पर पड़ रहा है जिसको ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश में सुचारू रूप से राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिताओं में एकरूपता लाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश अमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन ने 24 नियम एवं शर्ते लागू की उक्त नियमों को पूर्ण करते हुए युवा केंद्र द्वारा बेगमगंज तहसील की कबड्डी टीम को खातेगांव में प्रदेश स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल होने के ले जाया जा रहा है यह नगर के लिए गौरव की बात है ।



