ग्रामीणों ने ठेकेदार द्वारा छोड़ी गई सड़क को बनवाने ज्ञापन दिया
ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत ग्राम सिलतरा एवं गोपालपुर में बनाई गई सड़क को ठेकेदार द्वारा अधूरी छोड़े जाने के विरुद्ध आज 2 गांव सिलतरा एवं गोपालपुर के निवासियों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम अभिषेक चौरसिया को एक ज्ञापन देकर मांग की है कि सिलतरा से बेगमगंज तक प्रधानमंत्री सड़क योजना के अंतर्गत डामर रोड बनाया गया है। जिसमें ठेकेदार भगत सिंह के द्वारा 135 मीटर रोड बीच में पड़ने वाली एक पुलिया से दूसरी पुलिया तक अधूरा छोड़ दिया गया है ।
ठेकेदार से संपर्क किए जाने पर उसके द्वारा किसी व्यक्ति की आपत्ति उठाए जाने पर अधूरा रोड छोड़े जाने की बात कही गई है ।
ग्राम सिलसिला एवं गोपालपुर निवासी वहीद खान, पीर खां, खलील खान, कादर खान, मोहम्मद खान, सलीम खान, सुरेश महाराज, राम रतन शर्मा, रईस खान, जुनैद खान, काशीराम, निरपत सिंह इत्यादि सहित करीब 4 दर्जन लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे और उन्हें उक्त ज्ञापन देकर सड़क के बीच में 135 मीटर छोड़े गए अधूरे निर्माण कार्य को पूर्ण कराए जाने की गुहार लगाई ।
एसडीएम अभिषेक चौरसिया का कहना है कि उपरोक्त मांग के संबंध में संबंधित विभाग को ठेकेदार के लिए निर्देशित कराया जाएगा कि अधूरे पड़े हुए मार्ग को वह तत्काल पूर्ण करें ताकि दोनों ग्रामों के लोगों को परेशानी का सामना ना करना पड़े ।



