खेल

दीपा ने राष्ट्रीय ड्रैगन बोट रेस में जीते दो स्वर्ण, एक रजत सहित कुल पांच पदक

रायसेन । कर्नाटक के उडीपी में 23 से 26 फरवरी 2023 तक आयोजित 11वीं इंडियन कैनो फेडरेशन (आईसीएफ) ड्रैगन बोट रेस चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश के लिए रायसेन जिले के सांची विकासखण्ड की खिलाड़ी दीपा राजपूत ने दो स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य सहित कुल पांच पदक जीतकर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। कु. दीपा की इस उपलब्धि पर कलेक्टर अरविंद दुबे, पुलिस अधीक्षक विकास शहवाल, एवं जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी जलज चतुर्वेदी ने बधाई और शुभकामनाएँ दी है।
कु.दीपा राजपूत ने डी-10 महिला 2000 मीटर में स्वर्ण पदक, डी-20 मिक्स्ड 500 मीटर में स्वर्ण पदक, डी-10 महिला 200 मीटर में रजत पदक, डी-20 मिक्स्ड 2000 मीटर में कांस्य पदक तथा डी-10 महिला 500 मीटर में कांस्य पदक जीता है। इस चैम्पियनशिप में मध्यप्रदेश ने 04 स्वर्ण, 06 रजत तथा 03 कांस्य सहित कुल 13 पदक जीते हैं। दीपा ने कुछ माह पूर्व ही राष्ट्रीय कैनो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। कु. दीपा राजपूत वर्तमान में मध्यप्रदेश राज्य वाटर स्पोर्ट्स अकादमी भोपाल में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।

Related Articles

Back to top button