मऊगंज बनेगा प्रदेश का 53वां जिला : सीएम शिवराज ने किया ऐलान, इसमें 4 तहसीलें होंगी
रीवा । प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रीवा के मऊगंज को जिला बनाने की घोषणा की है। इसके बाद मध्यप्रदेश में 53 जिले हो जाएंगे। नए जिले में मऊगंज, हनुमना, नईगढ़ी और देवतालाब तहसील होंगी। सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि 15 अगस्त को नवनिर्मित मऊगंज के जिला मुख्यालय में तिरंगा फहराया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने इसकी वकालत की थी। नया जिला बनने से लोगों में खुशी का माहौल है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को राज्य स्तरीय संबल योजना के वर्चुअल माध्यम से हितग्राहियों को राशि वितरण समारोह में मऊगंज पहुंचे और शिवराजसिंह ने कहा कि विधायक चार साल से बुला रहे थे, अब आना ही पड़ा। इस अवसर पर उन्होंने संबल योजना के फायदे गिनाते हुए कहा कि हम जन्म से लेकर अंतिम विदाई तक के रुपए दे रहे हैं । मुख्यमंत्री ने कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने तो कई योजनाओं को बंद कर दिया था। प्रदेश की बहनों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने 738 करोड़ रुपए के 34 कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें से 73.56 करोड़ की लागत के 10 कार्य नए जिले में होंगे। उन्होंने राज्य स्तरीय समारोह में वर्चुअल माध्यम से संबल योजना के 27310 हितग्राहियों को 605 करोड़ रुपए की सहायता राशि सिंगल क्लिक से भेजी। कार्यक्रम की शुरुआत में धक्का मुक्की होने पर मुख्यमंत्री ने लोगों से शांति बनाने की अपील करते की।



