Bhopal Hit & Ran: पैदल जा रहे चार युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला, तीन की मौत
बाइक का पेट्रोल खत्म होने पर दो बाइकों से पैदल जा रहे थे चारों युवक
ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
भोपाल । एमपी के भोपाल शहर के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार- शनिवार की दरमियानी देर रात एक बड़ा हिट एंड रन का मामला सामने आया है। तेज रफ्तार ट्रक ने फैक्ट्री में काम करने वाले चार कर्मचारियों को कुचल दिया और वहां से भाग निकला। इस हादसे में एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दूसरे ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में दम तोड दिया। तीसरे युवक की इलाज के दौरान शनिवार सुबह हमीदिया में मौत हो गई। जबकि चौथे घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज खंगाल रही है, जिससे अज्ञात वाहन का सुराग लग सके।
अशोका गार्डन थाना पुलिस ने बताया कि निजामुद्दीन कॉलोनी पिपलानी निवासी हसमुद्दीन पुत्र नूर अंसारी उम्र 26 वर्ष मूलत: झारखंड का रहने वाला था । वह यहां अपने साथी अमजद खान उम्र 19 वर्ष, हसन अंसारी उम्र 19 वर्ष और परवेज उम्र 20 वर्ष के साथ गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में काम करते थे। रोजाना की तरह हसमुद्दीन, अमजद, हसन और परवेज रात करीब साढ़े 11 बजे अपनी दो बाईकों से घर जाने के लिए निकले थे। तभी रास्ते में एक बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। इस कारण चारों युवक दोनों बाइक से एक बाइक को धक्का देते हुए निजामुद्दीन कॉलोनी की ओर जा रहे थे। तभी कलारी के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक धकेल रहे युवकों को बुरी तरह कुचल दिया। इससे अमजद खान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री में काम करने वाले अन्य कर्मचारियों ने चारों घायलों को एम्बुलेंस से तुरंत हमीदिया अस्पताल के लिए रवाना किया। अस्पताल पहुंचने से पहले हसमुद्दीन की भी रास्ते में मौत हो गई। वहीं घायल हसन और परवेज को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर शनिवार सुबह हसन की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि घायल परवेज का उपचार चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक की तलाश शुरू कर दी है।



