6 दिन पहले बस में महिला के बैग से चोरी हुए जेवर, पुलिस ने दर्ज नहीं किया केस
पुलिस नर्मदापुरम क्षेत्र की बता रही घटना
नर्मदापुरम से बरेली आने के लिए बस में बैठी थी महिला
रिपोर्टर : मधुर राय
बरेली । यात्री बस में सफर के दौरान 17 फरवरी को नर्मदापुरम से बरेली आई महिला के बैग से जेवर चोरी हो गए। महिला नीतू रैकवार नर्मदापुरम से अपने ससुराल बरेली वापस आने के लिए दोपहर एक बजे बजरंग ट्रेवल्स की बस में सामान के बैग को साथ लेकर बैठी थी। सामान के बैग में ही जेवर रखे थे। महिला ने जब घर पहुंचकर बैग खोलकर देखा तो जेवर गायब थे। महिला नीतू रैकवार ने बैग से जेवर चोरी हो जाने की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। लिखित शिकायत के एक सप्ताह बाद भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। महिला ने लिखित शिकायत में कहा कि बजरंग ट्रेवल्स बस में जेवर सहित अन्य सामान से भरा बैग सीट के नीचे रखकर बरेली आने के लिए बैठी थी। मेरे पीछे वाली सीट पर पहले से दो तीन लोग बैठे थे। शाहगंज के पास उन्होंने मेरे बैग में पैर मारा। मैंने उनको मना किया कि बैग में पैर मत मारो। इसके बाद मैं उसी सीट पर बैठी रही, वो लोग रास्ते में कब उतर गए मुझे कोई जानकारी नहीं है। फिर साढ़े पांच बजे बरेली में पंजाब नेशनल बैंक के सामने बैग के साथ उत्तर गई। यहां से पति गिरजेश नारायण मांझी के साथ बाइक से घर पहुंची और रात को बैग खोलकर देखा तो उसमें जेवर नहीं थे। कपड़ों के नीचे रखा जेवर का बैग गायब था। इसके बाद जेवर चोरी होने की घटना परिजनों को बताई और रिपोर्ट दर्ज कराने थाने में आवेदन दिया।
नीतू रैकवार के अनुसार चोरी गए जेवर की कीमत करीब तीन से चार लाख रुपए बताई जा रही है। इसमें ड़ेढ से दो तौला वजनी सोने का हार, लगभग दो तौला सोने की चूड़ी, एक आधा तौला बेदी मंगलसूत्र, चांदी की बिछोडी दो-दो नग सहित तीन-चार सौ ग्राम चांदी का कडडोरा रखा हुआ था।
इस संबंध में विजय त्रिपाठी, टीआई, बरेली का कहना है कि एफआईआर दर्ज नहीं की है, क्योंकि नर्मदापुरम क्षेत्र की घटना है। बरेली क्षेत्र की घटना नहीं है। महिला के पति से चर्चा कर वस्तु स्थिति समझा दी है।



