पुस्तक विक्रेताओं पर छापा : कई बुक डिपो पर प्रशासन की कार्रवाई, शिक्षा माफिया में हड़कंप

ब्यूरो चीफ : मनीष श्रीवास
जबलपुर। एमपी के जबलपुर जिले में छात्रों के परिजनों की शिकायत के बाद से स्कूलों सहित कॉपी किताबों की एजेंसीयों पर जिला प्रशासन की कार्यवाही निरंतर जारी है। मंगलवार को कलेक्टर के निर्देशन पर सुबह 11 बजे विभिन्न क्षेत्रों पर अलग अलग एसडीएम द्वारा कार्यवाही की जा रहीं है। गोरखपुर स्थित संगम बुक डिपो पर जिला प्रशासन की टीम ने छापामार कार्रवाई की है। कलेक्टर दीपक सक्सेना के निर्देश पर शहर के नामी पुस्तक विक्रेताओं पर एक साथ छापामार कार्रवाई की जा रही है। अभी तक इस कार्यवाही से पूरे जिले में पुस्तक भंडारण करने वालो में हड़कम्प मचा हुआ है, जिला प्रशासन की कार्यवाही जारी रहेंगी।
जिला प्रशासन से जानकारी अनुसार शहर के पाटन एसडीएम को कलेक्टर दीपक सक्सेना ने बुक सेलर्स की जांच के लिये आदेश दिये हैं! इसी प्रकार गोरखपुर स्थित संगम बुक डिपो पर एसडीएम गोरखपुर के नेतृत्व में जांच की कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम आधारताल शिवाली सिंह के नेतृत्व में उखरी तिराहे एवं गोलबाजार स्थित न्यू राधिका बुक पैलेस की दोनों दुकानों पर, एसडीएम रांझी रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में नौदरा ब्रिज स्थित चिल्ड्रन बुक डिपो पर कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई से शहर के अन्य पुस्तक विक्रेताओं व माफिया के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। कलेक्टर ने शहर में फर्जी आईएसबीएन नम्बर से किताबें बेचने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने की बात कहते हुए अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। जिसके बाद से एक्शन लेते हुए ताबतोड़ कार्रवाई की जा रही है।



