मध्य प्रदेश

ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के तहत क्लस्टर स्तरीय कार्यशाला संपन्न

जल संरक्षण, प्रबंधन एवं सामुदायिक सहभागिता पर दिया गया जोर
सिलवानी। मध्य प्रदेश जल निगम की परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) भोपाल के तत्वावधान में जनपद पंचायत सिलवानी के सभा कक्ष में ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के अंतर्गत क्लस्टर स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन सहायक संस्था (आईएसए) हेल्प रेस होल्डिंग हैंड्स टू हेल्प द्वारा “नर्मदा रिवर बेगमगंज एक्स-2 एवं गैरतगंज-सिलवानी ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना” के तहत किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने, जल जीवन मिशन के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से लागू करने तथा जल संरक्षण एवं प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने योजना की प्रगति एवं इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को मिलने वाले लाभों की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना की सफलता में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को जल संरक्षण, पानी के दुरुपयोग की रोकथाम, जल कर के समय पर भुगतान तथा भविष्य में योजना के रखरखाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
कार्यशाला में ओ एंड एम की प्रतिनिधि माधवी रैकवार ने योजना के संचालन एवं रखरखाव संबंधी विषयों पर जानकारी देते हुए ग्रामीणों को जिम्मेदारीपूर्वक जल उपयोग के लिए प्रेरित किया। वहीं मध्य प्रदेश जल निगम की ओर से तकनीकी विशेषज्ञ आरई रविंद्र कुमार राज ने योजना के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। एसक्यूसी से अंबुज शुक्ला ने भी योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्थानीय ग्रामीणजन तथा सहायक संस्था के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में सहायक संस्था के पदाधिकारियों संदीप साहू, पुष्पेंद्र गौर, साक्षी एवं देवेंद्र ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। भोजन उपरांत कार्यक्रम का समापन किया गया।

Related Articles

Back to top button