
सांवली के किसान ने कार्रवाई के लिए पुलिस में की शिकायत
ब्यूरो चीफ : संजय द्विवेदी
गैरतगंज । गैरतगंज तहसील के ग्राम सांवली में आदिवासी किसान के खेत में कटी रखी तुअर की फसल में रंजिश के चलते एक व्यक्तिं ने आग लगा दी। इससे करीब तीन लाख रुपए मूल्य की फसल जलकर राख हो गई। किसान ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई है। सांवली गांव में आदिवासी किसान रघुराज पिता रामसिंह की 4 एकड़ कृषि भूमि है। हाल ही में कुछ दिन पहले किसान अपने खेत में तुअर की फसल कटवाकर रखी थी। अनुमानित 30 क्विंटल उपज निकलना थी, जिसकी बाजार कीमत 3 लाख से ज्यादा है। किसान ने बताया कि सूचना देने के बाद भी अभी तक मौके पर पुलिस व राजस्व विभाग ने भी कोई कार्रवाई नहीं की है। पटवारी तक ने क्षति का आंकलन नहीं किया है। वहीं उन्हें बड़ी आर्थिक क्षति के बावजूद कोई क्षतिपूर्ति नहीं हो रही है और आरोपी पर भी कार्रवाई नहीं हो रही है।
इस संबंध में तहसीलदार रामजीलाल वर्मा का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है मौके की जांच कराई जा रही है।



