महिला जनप्रतिनिधियों का उन्मुखीकरण प्रशिक्षण संपन्न

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । जनपद पंचायत के सभा कक्ष में महिला जनप्रतिनिधियों सरपंचों एवं जनपद सदस्यों के उन्मुखीकरण का प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत अंजू पवन भदौरिया सम्मिलित हुईं जिसमें सभी महिला जनप्रतिनिधि ही सम्मिलित हुईं हैं, कोई पुरुष प्रतिनिधि शामिल नहीं हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की जाकर जिला पंचायत की सीईओ अंजू पवन भदोरिया ने कहा कि
विकास की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी के लिए महिलाओं का सशक्तिकरण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों में अपनी भूमिका को लेकर आत्म विश्वास होगा, तब उच्चतर स्तर पर स्थानीय मुद्दों को उठा सकेंगी। उन्होंने कहा कि अपने विचारों एवं लक्ष्यों को दूसरे तक पहुंचाने के लिए महिला जन प्रतिनिधियों को कुशल होना आवश्यक है। निश्चित रुप से आज निर्वाचित महिला प्रतिनिधियों के समक्ष अनेक चुनौतियां हैं, परंतु मुझे विश्वास है कि हमारी निर्वाचित महिला जन प्रतिनिधियां अपने आत्म विश्वास एवं अपने कौशल विकास के बल पर इन चुनौतियों का सहजता के साथ सामना करेंगी।
कार्यशाला में महिला जन प्रतिनिधियों को पंचायती राज का ढांचा, उसके कार्य, महिला सशक्तिकरण और पंचायती राज प्रणाली, आदर्श पंचायत, सरकार की योजनाएं एवं कार्यक्रम सम्भागी आयोजन प्रक्रिया, सार्वजनिक कार्याें की निगरानी, समुदाय तथा उनके संसाधन, समस्याओं का आकलन करना तथा समाधानों का चिन्हित करना, गतिविधियों का चयन करना, महिला एवं बाल संरक्षण कानून आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। वर्तमान परिपेक्ष्य को देखते हुए सूचना एवं संचार तकनीकी के संबंध में अधिक से अधिक मजबूत बनाने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर जनपद सीईओ आशीष जोशी व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।



