सरपंच ने अवैध पैकारी बंद कराने दिया ज्ञापन, पैकारी बंद नहीं हुई तो होगा उग्र आंदोलन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । ढीमरखेड़ा तहसील के ग्राम ठिर्री में शाला परिसर के पास गुड्डा पिता दैया बर्मन, संतोष कुमार पिता समनू बसोर एवं राकेश कुमार पिता रामदीन पटैल बिहरिया मोड़ के पास अवैध पैकारी चलाई जा रही है। जिससे ग्राम का युवा वर्ग नशे की गर्त मे जा रहा है एवं नशे का सेवन करने के बाद घर में वाद विवाद एवं राहगीरो को भी परेशान करते हैं ग्राम की बहन बेटियां जो कि कॉलेज स्कूल ग्राम से बाहर आती जाती हैं उनके साथ भी कभी भी कोई अनहोनी होने की आंशका बनी रहती है । इस संबंध में पूर्व में भी तहसीलदार को आवेदन दिया जा चुका है किन्तु आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नही होने से अवैध पैकारी चलाने वालों के हौसले बुलंद है। सरपंच छवि गौतम ने बताया कि यदि इस बार भी कोई कार्यवाही नही होती तो ग्रामवासियों द्वारा उग्र आन्दोलन किया जावेगा। ग्राम पंचायत ठिर्री सरपंच छवि गौतम ने शिकायत पत्र में बताया कि ग्राम के गुड्डा पिता दैया बर्मन, संतोष कुमार पिता समनू बसोर, और राकेश कुमार पिता रामदीन पटैल द्वारा अवैध शराब की पैकारी संचालित कर रहे हैं, जिससे ग्राम की सामाजिक और नैतिक संरचना प्रभावित हो रही है। नशे की लत ने युवाओं को अपने गिरफ्त में ले लिया है। यह लत उन्हें शिक्षा, खेल, और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से दूर कर रही है। यह स्थिति उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डाल रही है। ग्राम की महिलाओं और लड़कियों के लिए यह स्थिति अत्यंत असुरक्षित हो गई है। नशे की हालत में लोग उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं, जिससे उनके दैनिक जीवन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। नशे के सेवन के बाद घरों में विवाद और झगड़े आम बात हो गए हैं। यह न केवल परिवारों को विखंडित कर रहा है बल्कि पूरे ग्राम समाज को भी प्रभावित कर रहा है। ग्रामवासियों ने पूर्व में भी तहसीलदार को आवेदन देकर इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया था, किंतु आज तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है। इस प्रशासनिक उदासीनता के कारण अवैध पैकारी करने वालों के हौसले बुलंद हो गए हैं। उनका कहना है कि चाहे जहां शिकायत कर दो, कोई हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। सरपंच छवि गौतम ने इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए हैं, किंतु प्रशासनिक समर्थन की कमी के कारण उनके प्रयास असफल हो रहे हैं। ग्रामवासियों का विश्वास है कि यदि सरपंच के प्रयासों को प्रशासनिक सहयोग मिले तो इस समस्या का समाधान संभव है। यदि प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई तो ग्रामवासियों द्वारा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। ग्राम ठिर्री में अवैध पैकारी की समस्या ने गंभीर रूप धारण कर लिया है। इसे रोकने के लिए सरपंच छवि गौतम के प्रयासों को प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता है। यदि समय पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो ग्रामवासियों का उग्र आंदोलन प्रशासन को मजबूर कर सकता है।



