मध्य प्रदेश

आबकारी विभाग ने सीएम हेल्प लाइन शिकायत का किया फर्जी निराकरण

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । सुल्तानगंज में शराब ठेकेदार द्वारा केवल एक स्थान सुल्तानगंज का शराब ठेका लेकर क्षेत्र के करीब 35 गांव में अवैध रूप से बाकायदा छोटी -छोटी सप्लाई दुकाने खुलवाकर गांव -गांव शराब बिक़वाई जा रही है। जिसकी शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर किए जाने के बाद वहां से निर्देश मिलने पर भी आबकारी विभाग द्वारा उक्त शिकायत का फर्जी निराकरण करते हुए सीएम हेल्पलाइन पर गलत जानकारी देकर शिकायत बन्द करा दी।
शिकायतकर्ता को ये बात तब पता चली जब सीएम हेल्पलाइन से शिकायत क्रमांक – 28820773 के निराकरण होने का मैसेज संबंधित शिकायतकर्ता के पास आया।
सीएम हेल्पलाइन जैसी विश्वसनीय विभाग को भी रायसेन जिले का आबकारी विभाग चकमा देकर फर्जी काम कर रहा है। इससे सीएम की छवि को धब्बा लग रहा है ।
वास्तव में उक्त शराब ठेकेदार की आबकारी अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियो से सांठगांठ होने से अवैध शराब पर अंकुश नहीं लग पा रहा है ।
गांव के गांव अवैध शराब के अड्डे बन गए हैं । सरकार की मंशानुरूप गांव स्वच्छ और अपराध विहीन होना चाहिए लेकिन चहेते अधिकारी सरकार की मंशा पर पानी फेरते हुए उसे बदनाम कर रहे हैं ।
इस संबंध में एसडीएम सौरभ मिश्रा का कहना है कि गांवों का वातावरण दूषित नहीं होने देंगे । आबकारी विभाग एवं पुलिस से संयुक्त कार्रवाई कराकर बंद करवाएंगे । यदि फिर शिकायत मिली तो वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button