भगवान बिरसा मुंडा, शंकर शाह और रघुनाथ शाह की मूर्ति स्थापित करने का काम भी किया जायेगा : राज्यमंत्री

राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि हुए सम्मिलित
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
जबेरा । जनजातीय समाज के अमर शहीदों को लेकर सरकार निरंतर बात कर रही हैं, लगातार ऐसे अमर शहीदों को आगे लाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री जी ने बिरसा मुंडा जी की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। यह कार्यक्रम केवल मध्य प्रदेश में नहीं, पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रहे हैं। इस आशय की बात प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर महादेव घाट पर आयोजित गरिमामय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा तेंदूखेड़ा में शंकर शाह और रघुनाथ शाह की मूर्ति स्थापित करने का काम भी किया जायेगा। एक करोड़ रूपये की लागत से चौरई में बड़ा देव का मंदिर बनकर तैयार हो रहा है, जिसका काम अभी जारी है, जल्द ही उसका भी उद्घाटन किया जायेगा।
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती को सरकार ने जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया और यहां पर भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसमें भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा यहां पर आने वाले समय में भगवान बिरसा मुंडा जी की मूर्ति स्थापित करने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दी।
उन्होंने कहा निरंतर हम अपने अमर शहीदों को याद कर रहे हैं और जनजातीय गौरव के रूप में भगवान बिरसा मुंडा, रानी दुर्गावती जी, शंकर शाह, रघुनाथ शाह को याद कर रहे हैं। जनजातीय समाज, आदिवासी समाज का देश की आजादी और संस्कृति को बचाने में बहुत महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जहां शंकर शाह, रघुनाथ शाह और बिरसा मुंडा जी ने अंग्रेजों से लोहा लेने का काम किया, वहीं रानी दुर्गावती ने उस समय अकबर को टक्कर देने का काम किया, ऐसी रानी दुर्गावती जी को भी सम्मानित करने का काम कर रहे हैं।
इस अवसर पर हटा विधायक उमादेवी खटीक ने कहा आज बिरसा मुंडा जयंती का कार्यक्रम जबेरा विधानसभा में आयोजित किया गया हैं। उन्होंने कहा केंद्र और प्रदेश की सरकार हर समुदाय, जाति, वर्ग और उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। देश और प्रदेश में किस प्रकार से जागरूकता लाई जाए, लोग कैसे जागरूक हो, इसलिए यह कार्यक्रम शासन की मंशा अनुरूप किए जाते हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा भगवान बिरसा मुंडा जी एक महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता सेनानी थे, उन्होंने अंग्रेजों से जंगल और अपनी जमीन बचाने के लिए डटकर मुकाबला किया था। रंजीता गौरव पटैल ने सभी आदिवासी भाई-बहनों से आग्रह करते हुए कहा हमारे पांच तत्व जल, जीवन, पृथ्वी, वायु इन सभी को बचाने में हमारी मदद करें और ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाए।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जनजातीय गौरव दिवस के रूप में भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती मनाने का काम पूरे देश भर में किया है। निश्चित ही हमारे आदिवासी भाइयों का गौरव बढ़ाने का काम सरकार ने किया है, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने आदिवासी समाज को ऊपर लाने का काम किया है।गौरव दिवस के रूप में मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा जयंती आयोजित इस कार्यक्रम में महादेव घाट रौड़ में जनजातीय गौरव दिवस भगवान विरसा मुंडा जी की 150वीं जन्म जयंती को मनाया गया जिसमें स्वराज संस्थान संचालनालय संस्कृति विभाग मध्य प्रदेश शासन के द्वारा भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन चरित्र पर आधारित नाट्य की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम के पश्चात जनजातीय समाज के वरिष्ठ जनों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में अपनी प्रस्तुति दे रहे कलाकारों का राज्यमंत्री ने अंग वस्त्र एवं पुष्प मालाओं से सम्मानित किया।



