सुपर ओवर में भोपाल ने छिंदवाड़ा को पराजित कर फाइनल में जगह बनाई

भोपाल के गुरविंदर ने 50 गेंदों पर 87 रनों की नाबाद शानदार पारी खेली
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह । प्रधानमंत्री कालेज आफ एक्सीलेंस ज्ञानचंद श्रीवास्तव शासकीय महाविद्यालय में चल रहे राज्य स्तरीय क्रिकेट पुरुष टूर्नामेंट में आज दो मैच खेले गये। पहला मैच रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर और बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल के बीच खेला गया जिसमें भोपाल ने जबलपुर को 4 विकेट से पराजित कर सेमिफाइनल में जगह बनायी। सेमिफाइनल मैच भोपाल और छिंदवाड़ा के बीच खेला गया जिसमें सुपर ओवर में भोपाल ने छिंदवाड़ा को 5 रन से पराजित कर फाइनल मुकाबले में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया।
पहला मैच में जबलपुर ने टास जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया शुरुआत में बल्लेबाजों ने धुंआधार रन बटोरे लेकिन बाद के बल्लेबाज कुछ ज्यादा करिश्मा नहीं दिखा सके और पूरी टीम निर्धारित 20 ओवर की जगह 18 ओवर में ही 135 रन बनाकर धराशाई हो गई। टीम ने 11 चौके और 5 छक्के लगाए। साहिल लोधी ने 19 गेंद पर शानदार 32 और सुमित पटेल ने 15 गेंद पर 24 रन बनाकर सर्वाधिक रनों का योगदान दिया। वहीं भोपाल ने 19.3 ओवर में लक्ष्य को पूरा कर जबलपुर को 4 विकेट से पराजित किया। इस मेच में भोपाल टीम के गुरविंदर सिंह ने 4 छक्के और 8 चौकों की मदद से 50 गेंदों में 87 रन की नाबाद पाली खेली। भोपाल टीम की तरफ से 4 छक्के और 8 चोके मारे गये। जबलपुर के इल्ज़ाम ने 4 ओवर में 41 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट लिये।
सेमीफाइनल मैच में छिंदवाड़ा ने पहले बल्लेबाजी की और 15.2 ओवर में 10 विकेट खो कर 127 रन बनाकर भोपाल को 128 रन बनाने का लक्ष्य दिया। अभिषेक ने 24 गेंद पर 40 रन बनाए। वहीं भोपाल के खिलाड़ियों ने भी अच्छी बल्लेबाजी कर 20 ओवर में 127 रन बनाए और मैच टाई हो गया। जीत हार के लिए सुपर ओवर खिलाया गया। भोपाल की ओर से 1 ओवर में एक विकेट पर 10 रन बनाए वहीं छिंदवाड़ा की तरफ एक ओवर में एक विकेट पर 5 रन ही बटोर पाते। इस प्रकार भोपाल ने सेमिफाइनल मैच जीतकर फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।



