रिद्धि-सिद्धि के साथ पधारेंगे गजानन, मूर्ति को आकार देने में जुटे मूर्तिकार

सिलवानी। गणेश चतुर्थी का पर्व इस साल 19 सितंबर को मनाया जाएगा। गणेश चतुर्थी के नजदीक आते ही नगर में गणेश प्रतिमाओं को रंग रूप देकर निखारने का काम शुरू हो गया है। मूर्तिकार भगवान गणेश की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। गणपति बप्पा की मूर्तियों की सजावट का काम अंतिम चरण में है। मूर्तिकार अलग अलग डिजाइन और पैटर्न में गणेश प्रतिमा का निर्माण कर रहे हैं।
उदयपुरा रोड पर मूर्तियां बनाने वाले जयकुमार साहू इस बार 3 फीट से लेकर 10 फीट तक मूर्ति बना रहे हैं। माना जा रहा है कि इस बार नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र में सैकड़ों छोटी बड़ी गणेश प्रतिमाएं सार्वजनिक पंडालों में स्थापित की जाएगी। रिद्धि और सिद्धि के साथ विराजमान गणपति इस बार आकर्षण का केंद्र होंगे। यह मूर्तियां काफी महंगी है। मूर्तिकार जयकुमार साहू ने बताया कि इस बार 5 फ़ीट की गणपति मूर्तियों की मांग अधिक है। इसकी वजह छोटी प्रतिमाओं का पूजन और उनका विसर्जन करने में आने वाली सहूलियत है।



