पुलिस और व्यापारी संघ ने मिलकर शहर की सुरक्षा के लिए की सराहनीय पहल
परासिया । परासिया में पुलिस प्रशासन ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। एस.डी.ओ.पी. जितेंद्र सिंह जाट और नगर निरीक्षक संजय भलावी के नेतृत्व में परासिया व्यापारी संघ के साथ हुई इस बैठक में शहर की सुरक्षा पर गहन चर्चा की गई।
बैठक के दौरान, पुलिस प्रशासन ने परासिया व्यापारी संघ के सभी सदस्यों से अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का विनम्र आग्रह किया। यह भी अनुरोध किया गया कि एक कैमरे का रुख दुकान के बाहर सड़क की ओर रखा जाए, जिससे आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और आवश्यक फुटेज तैयार हो सके।
इस पहल का परासिया व्यापारी संघ के पूर्व अध्यक्ष सुभाष सहगल, प्रकाश सोनी, प्रदीप सोनी और अन्य सभी उपस्थित व्यापारियों ने सर्वसम्मति से स्वागत किया। सभी व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को आश्वासन दिया कि वे अपनी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे और एक कैमरे को सड़क की ओर रखेंगे। इसके अलावा, उन्होंने रात में अपनी दुकानों के सामने एक लाइट की व्यवस्था करने की भी सहमति दी।
गौरतलब है कि शहर के मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का दायित्व नगर पालिका का है। ऐसे में, शहर की सुरक्षा का बीड़ा उठाकर व्यापारी समाज ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर एक सराहनीय कदम उठाया है। यह कदम शहर को अधिक सुरक्षित बनाने और अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



