गौ माता को “आफत” कहने पर सनातन समाज में आक्रोश, कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग
सिलवानी। बेगमगंज क्षेत्र में दैनिक समाचार पत्र के एक पत्रकार द्वारा समाचार प्रकाशित करते समय गौ माता के लिए “आफत” जैसे शब्द का प्रयोग किया गया, जिससे संपूर्ण सनातन समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इस शब्द के प्रयोग पर स्थानीय नागरिकों और गौ भक्तों में भारी रोष व्याप्त है।
समाज के लोगों का कहना है कि “गौ माता” हमारे लिए केवल एक पशु नहीं, बल्कि माता तुल्य पूजनीय हैं। उनके प्रति अपमानजनक शब्दों का उपयोग करना हमारी आस्था पर सीधा प्रहार है। इस कृत्य की सभी ने घोर निंदा की है।
समाजजनों ने रायसेन कलेक्टर के नाम तहसीलदार सुधीर शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि संबंधित पत्रकार को सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहा जाए एवं भविष्य में इस प्रकार की भाषा के प्रयोग से परहेज किया जाए। साथ ही, उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया है कि ऐसे मामलों में सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं ताकि आगे किसी की धार्मिक भावनाएं आहत न हों।



