महिला क्रिकेट में भी भारत का डंका, विश्व कप जीतकर बना नया सम्राट
मुंबई । भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। विश्व कप 2025 के फाइनल में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर पहली बार विश्व कप खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत अब महिला क्रिकेट का नया सम्राट बन गया है।
फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 298 रन बनाए। ओपनर शेफाली वर्मा (87 रन) और स्मृति मंधाना (45 रन) ने टीम को शानदार शुरुआत दी। मिडिल ऑर्डर में दीप्ति शर्मा ने 58 रन की अहम पारी खेली और बाद में गेंद से कमाल दिखाया।
299 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीकी टीम कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट (101 रन) के अलावा टिक नहीं सकी और पूरी टीम 45.3 ओवर में 246 रन पर ढेर हो गई। भारत की दीप्ति शर्मा ने फाइनल में 5 विकेट लेकर मैच पलट दिया और टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
यह जीत भारत के लिए गर्व का पल है क्योंकि महिला क्रिकेट इतिहास में यह पहली बार है जब भारत ने विश्व कप जीता है। भारत अब ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बाद चौथी टीम बन गई है जिसने यह खिताब जीता हो।
टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, यह जीत हर भारतीय महिला के सपनों की जीत है। आज हमने साबित कर दिया कि भारत अब महिला क्रिकेट का भी सम्राट है।



