बिना सुरक्षा उपकरण केबिल बदल रहे हेल्पर को लगा करंट, गंभीर रूप से घायल

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । नगरीय क्षेत्र में सभी 18 वार्डों में विद्युत केबिल बदलने का काम निजी ठेकेदार द्वारा बिना सुरक्षा उपकरण दिए जानजोखिम में डाले मजदूरों से बड़े -बड़े बिजली के खंबो पर कराया जा रहा है। जबकि पूर्व के अप्रिय अनुभवों के कारण स्थानीय बिजली अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदार को सेफ्टी उपकरण के साथ काम कराने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन हठधर्मिता के चलते आज गंभीर हादसा हो गया। केबिल डालते समय अचानक बिजली चालू होने से करंट प्रवाहित होते ही एक मजदूर 15 मिनट तक खंबे पर लाइन से चिपका रहा, जब बिजली सप्लाई बंद कराई गई तब कहीं जाकर मजदूर धड़ाम से नीचे गिरा। जिसे तत्काल उठाकर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूत्रों के अनुसार नवीन विद्युत केबिल डालने का काम चल रहा था। सागर भोपाल मुख्य मार्ग पर स्वराज ट्रैक्टर एजेंसी के पास अस्पताल मार्केट के कोने पर लगे हुए खंबे पर विद्युत केबल डाल रही थी और तब विद्युत सप्लाई बंद थी लेकिन अचानक विद्युत सप्लाई चालू होते ही खंबे के ऊपर चढ़ा मजदूर राम नमेश भार्गव 30 वर्ष निवासी सीतापुर लखनऊ करंट की चपेट में आकर चिपक गया करीब 15 मिनट तक वह चिपका रहा माजरा देखकर दूसरे मजदूरों द्वारा चीख पुकार मचाई गई बिजली ऑफिस खबर किए जाने के बाद जब विद्युत सप्लाई बंद हुई तब वह धड़ाम से नीचे गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उठाकर तत्काल सिविल अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया यहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है मीडिया कर्मियों द्वारा जब ठेकेदार से उसका नाम पूछने के साथ पूछा गया कि बिना सुरक्षा उपकरण के काम क्यों करा रहे थे। तब ठेकेदार बुरी तरह भड़क गया और नाम बताने से इनकार करते हुए मीडिया कर्मियों से अभद्र व्यवहार करने लगा। घटना से नगर में सनसनी फैल गई है। इसके पूर्व भी सुल्तानगंज क्षेत्र विद्युत का कार्य कर रहा एक हेल्पर की इसी तरह अचानक विद्युत सप्लाई चालू करने के कारण करंट लगने से मौत हो गई थी तब आदिवासियों एवं राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन के साथ मृतक को मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर चक्का जाम किया गया था तब विद्युत अधिकारियों द्वारा मृतक को आर्थिक सहायता दिए जाने के साथ आश्वासन दिया था कि भविष्य में जो भी काम होगा वह सेफ्टी किट के साथ कराया जाएगा। लेकिन आज निजी ठेकेदार द्वारा बिना सेफ्टी उपकरण के मजदूरों से काम कराए जाने से उक्त घटना घटित हो गई।
विद्युत अधिकारियों द्वारा निजी ठेकेदार का नाम संजय परिहार बताया गया है। स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस प्रशासन से संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है ताकि भविष्य में वह किसी की जान से खिलवाड़ ना कर सके।



