उमरियापान बावली हनुमान मंदिर में श्रीराम महायज्ञ की निकली कलश यात्रा

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। उमरियापान नगर स्थित प्राचीन बावली हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित श्रीराम महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया । कलश यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कलश यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजी-धजी महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा की, वहीं पुरुष श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए चल रहे थे । “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा। ढोल-नगाड़ो की धुन पर भव्य कलश यात्रा निकाली।
यात्रा बावली हनुमान मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के न्यू बस स्टैंड, झंडा चौक, बड़ी माई मंदिर, संन्यासी मंदिर, अथैया मुहल्ला, मचखंडा मुहल्ला, कटरा बाजार आदि प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः हनुमान मंदिर परिसर में संपन्न हुई। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रीराम महायज्ञ वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन, रामकथा एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कलश यात्रा और महायज्ञ आयोजन से नगर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।




