व्यापारी ने सैकड़ो किसानों से धान खरीदी, भुगतान नहीं किया तो पुलिस ने भेज दिया जेल

देवनगर क्षेत्र में किसानों के साथ लाखों की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी देवनगर पुलिस की गिरफ्त में
1439 क्विंटल धान खरीदकर भुगतान नहीं करने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
रिपोर्टर प्रशांत जोशी
रायसेन । पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपूसे के मार्गदर्शन में एवं एस.डी.ओ.पी. रायसेन सोनाली गुप्ता के नेतृत्व में थाना देवनगर पुलिस द्वारा किसानों के साथ धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई।
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक हरिओम अस्ताया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा किसानों से बड़ी मात्रा में धान खरीदकर भुगतान नहीं करने वाले आरोपी की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
दिनांक 10 मार्च 2026 को फरियादी सोनू लोधी पिता भैरोसिंह लोधी उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम सांचेत थाना देवनगर जिला रायसेन द्वारा थाना देवनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि आरोपी हर्षित तिवारी पिता महेश कुमार तिवारी उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम समनापुर थाना गैरतगंज जिला रायसेन ने क्षेत्र के किसानों से लगभग 1439 क्विंटल धान खरीद ली, किन्तु उसका भुगतान नहीं किया और इस प्रकार किसानों के साथ धोखाधड़ी की।
प्राप्त रिपोर्ट पर थाना देवनगर में अपराध क्रमांक XX/26 धारा 318(2), 318(4) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी हर्षित तिवारी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय रायसेन के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल दाखिल किया गया। इस कार्य में सराहनीय भूमिका उपनिरीक्षक हरिओम अस्ताया (थाना प्रभारी), उपनिरीक्षक शेरसिंह सुलिया, प्रधान आरक्षक संजीव धाकड़, सैनिक राजेश मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।



