बस स्टैंड से मोटरसाइकिल चोरी, अवैध स्टैंड वसूली पर भड़के लोग, कार्रवाई की मांग तेज
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । नगर के न्यू बस स्टैंड क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भनपुरा खुर्द निवासी सोहन लाल गडारी की मोटरसाइकिल क्रमांक MP21 MK 0388 रविवार, 26 अप्रैल 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी हो गई। घटना के बाद न सिर्फ पीड़ित परिवार बल्कि स्थानीय नागरिकों में भी रोष व्याप्त है।प्राप्त जानकारी के अनुसार सोहन लाल गडारी, जो पिछले करीब 15 वर्षों से मोहन चौरसिया की कपड़ा दुकान में कार्यरत हैं, रोजाना की तरह रविवार को भी अपने काम पर पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल न्यू बस स्टैंड स्थित मोहन चौरसिया के घर के पीछे बने टीन शेड के नीचे खड़ी की थी। दिनभर कार्य करने के बाद जब वे रात में घर लौटने के लिए पहुंचे तो उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। काफी तलाश के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं लग सका।घटना से व्यथित सोहन लाल ने थाना उमरियापान पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस प्रशासन से शीघ्र वाहन बरामद करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके लिए यह मोटरसाइकिल रोजमर्रा के जीवन का अहम साधन थी, जिसके चोरी हो जाने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस स्टैंड क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था और अवैध वसूली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। नागरिकों का कहना है कि साप्ताहिक हाट बाजार के लिए मोटरसाइकिल स्टैंड का ठेका केवल बाजार क्षेत्र तक सीमित होना चाहिए, लेकिन ठेकेदार के कर्मचारी बस स्टैंड परिसर में भी अनधिकृत रूप से स्टैंड लगाकर वाहन चालकों से शुल्क वसूल रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस अवैध स्टैंड के कारण बस स्टैंड क्षेत्र में अत्यधिक भीड़भाड़ और अव्यवस्था बनी रहती है, जिससे चोरी जैसी घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। कई लोगों ने यह भी बताया कि बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था या निगरानी के वाहन खड़े कराए जा रहे हैं, जिससे वाहन मालिकों की जिम्मेदारी पूरी तरह असुरक्षित हो गई है।नागरिकों ने यह सवाल भी उठाया कि आखिर किसके आदेश पर बस स्टैंड में स्टैंड संचालित किया जा रहा है और प्रशासन इस पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है । उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) एवं संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए मांग की है कि अवैध वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए।साथ ही, संबंधित ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने और बस स्टैंड क्षेत्र में सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।इस घटना ने एक बार फिर नगर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं आमजन अब ठोस कार्रवाई की अपेक्षा कर रहे हैं।



