क्राइम

पीएम आवास की दूसरी किस्त दिलाने सचिव ने मांगी रिश्वत, लोकायुक्त ने रंगे हाथ पकड़ा

ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले में रिश्वतखोरी का एक और मामला सामने आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त जारी कराने के एवज में रिश्वत मांगने वाले पंचायत सचिव को लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। मामले में सरपंच प्रतिनिधि की भूमिका भी सामने आई है, हालांकि कार्रवाई के दौरान वह रिश्वत की रकम से दूरी बनाते नजर आए।
जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत तेजगढ़ निवासी एक महिला के प्रधानमंत्री आवास की दूसरी किस्त जारी कराने के लिए उसके पति महेंद्र कोष्टी से 15 हजार रुपए रिश्वत मांगी गई थी। बाद में 10 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता द्वारा 4 हजार रुपए पहले ही दिए जा चुके थे, जबकि शेष राशि देने से पहले उसने 16 अप्रैल को लोकायुक्त सागर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद सोमवार को कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने पंचायत सचिव जुगराज लोधी को रिश्वत की राशि दी। सचिव ने रकम अपने सहयोगी गुड्डा रैकवार को रखने के लिए दे दी। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने दोनों को पकड़ लिया। कैमिकल परीक्षण में दोनों के हाथ रंगे पाए गए।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी पत्नी के नाम प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 20 हजार रुपए स्वीकृत हुए थे। पहली किस्त मिल चुकी थी, लेकिन दूसरी किस्त जारी कराने के लिए सचिव द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी। पैसे नहीं देने पर किस्त रोक दी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सचिव के कहने पर वह सरपंच प्रतिनिधि विजय जैन से मिला था, जहां उससे भी 10 हजार रुपए की मांग की गई थी।
लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद पंचायत विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button