धार्मिक

श्रीमद् भागवत कथा में भाव-विभोर हुए श्रद्धालु, कथा श्रवण कर लिया आध्यात्मिक रसपान

सिलवानी। नगर के बजरंग चौराहा स्थित श्री अनगढ़ हनुमान मंदिर परिसर के मंगल भवन में परम पावन पुरुषोत्तम मास के अवसर पर सिलवानी महिला मंडल द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के छठवें दिवस श्रद्धालु भक्ति एवं आध्यात्मिकता के रंग में सराबोर नजर आए। कथा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान की लीलाओं का श्रवण किया और कथा का रसपान किया।
कथा वाचक पंडित नगर खेड़ापति संजय शास्त्री ने छठवें दिवस की कथा का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए भगवान की दिव्य लीलाओं, धर्म, भक्ति एवं सदाचार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। कथा श्रवण से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा भगवान के प्रति श्रद्धा और विश्वास दृढ़ होता है।
पंडित शास्त्री ने भगवान की विभिन्न लीलाओं का वर्णन करते हुए बताया कि भक्ति ही वह मार्ग है जिसके माध्यम से मनुष्य ईश्वर की कृपा प्राप्त कर सकता है। कथा के दौरान भजनों और प्रसंगों की भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए। कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंच रहे हैं। महिला मंडल की सदस्याएं आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
सात दिवसीय कथा महोत्सव के समापन की तैयारियां भी प्रारंभ हो गई हैं। श्रद्धालुओं में कथा के अंतिम दिवस को लेकर विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button