मध्य प्रदेशराजनीति

9 करोड़ के नए सिविल अस्पताल की सौगात, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया लोकार्पण

लगभग 60 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण, हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभसिलवानी क्षेत्र के लोगों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा : रामपाल सिंह राजपूत

सिलवानी। नगर में रविवार को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नवनिर्मित सिविल अस्पताल भवन का लोकार्पण कर क्षेत्रवासियों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने लगभग 60 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ किया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने अस्पताल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है।सभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कार्य कर रही है।महिलाओं के सशक्तिकरण पर विशेष बल देते हुए उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। यह योजना महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर रही है, जिससे वे अपने परिवार की आय बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सशक्त भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिलाओं से योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने और स्वरोजगार से जुड़ने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सिलवानी नगर के वार्ड क्रमांक 3 में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही मोहन विश्वकर्मा के निवास पर भी पहुंचे। उन्होंने परिवार को नए आवास की शुभकामनाएं दीं तथा परिवारजनों के साथ आत्मीयता से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने परिवार के साथ भोजन भी ग्रहण किया और प्रधानमंत्री आवास योजना को गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाली महत्वपूर्ण योजना बताया।क्षेत्र के विकास में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी : रामपाल सिंह राजपूतकार्यक्रम में उपस्थित पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि सिलवानी सहित पूरे क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार के सहयोग से क्षेत्र को लगातार विकास कार्यों की सौगात मिल रही है।उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, सिंचाई, शिक्षा और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के हितों के लिए समर्पित नेता हैं, जिनके प्रयासों से क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं।रामपाल सिंह राजपूत ने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण विकास कार्यों को नई गति मिली है। केंद्र और प्रदेश सरकार के बेहतर समन्वय से गांव-गांव तक सड़क, बिजली, पानी, आवास, किसान सम्मान निधि, लाड़ली बहना योजना तथा लखपति दीदी योजना जैसी जनहितकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास की गति निरंतर बनी रहेगी और जनता की अपेक्षाओं पर सरकार पूरी तरह खरी उतरेगी।कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष तरूवर सिंह राजपूत, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, पूर्व मंडल अध्यक्ष विजय शुक्ला, भाजपा नेता विभोर नायक, नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक एवं महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी हितग्राहियों को प्रदान की गई।नवनिर्मित सिविल अस्पताल के लोकार्पण से सिलवानी क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने के साथ मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

Related Articles

Back to top button