लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 8 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते सहायक सचिव गिरफ्तार

जनपद पंचायत जबेरा की ग्राम पंचायत परासई
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
जबेरा/दमोह। दमोह जिले की जनपद पंचायत जबेरा अंतर्गत ग्राम पंचायत परासई में सागर लोकायुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक सचिव राजेश सिंह लोधी को कथित रूप से 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता संजू रैकवार ने लोकायुक्त से शिकायत की थी कि उनके तथा उनकी माता के प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य के एवज में सहायक सचिव द्वारा 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले 20 हजार रुपये लिए जा चुके थे और इसके बाद 8 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद सागर लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए सहायक सचिव को कथित रिश्वत की राशि लेते समय रंगे हाथ पकड़ लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



