मध्य प्रदेश

रिमझिम बारिश से किसानों के खिले चेहरे, धान की फसलों को मिली संजीवनी

लंबे इंतजार के बाद रविवार सुबह से हुई बारिश, खेतों में लौटी हरियाली
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान ।  लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए रविवार की सुबह राहत और उम्मीद लेकर आई ।  सुबह से रुक-रुककर हो रही रिमझिम बारिश ने किसानों के चेहरों पर खुशी ला दी।  बारिश की बूंदों से खेतों में खड़ी धान की फसलों को आवश्यक नमी मिलने लगी है।  बारिश होते ही खेतों में हरियाली नजर आने लगी और किसानों को अब धान की अच्छी पैदावार की उम्मीद बंधी है ।
पिछले कई दिनों से पर्याप्त बारिश नहीं होने के कारण धान की फसल प्रभावित होने लगी थी।  खेतों में नमी कम होने से कई स्थानों पर धान के पौधे मुरझाने लगे थे ।  किसान फसल को लेकर चिंतित नजर आ रहे थे और लगातार आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रहे थे।  खासकर धान की फसल के लिए इस समय पर्याप्त पानी की आवश्यकता है। ऐसे में रविवार सुबह शुरू हुई रिमझिम बारिश किसानों के लिए किसी राहत से कम नहीं रही ।
बारिश के बाद खेतों में पानी और नमी पहुंचने से धान के पौधों में नई जान आती दिखाई दी । संतोष दुबे, संदीप चौरसिया, आशीष चौरसिया, मनीष चौरसिया, छोटे पटेल, भारत झारिया , मंजू सोनी, रजनीकांत झारिया आदि किसानों का कहना है कि इस समय हुई बारिश फसल के लिए बेहद उपयोगी है।  यदि आगामी दिनों में भी मौसम इसी तरह मेहरबान रहा और पर्याप्त बारिश होती रही तो धान की फसल को अच्छा लाभ मिलेगा ।  किसानों को उम्मीद है कि समय पर बारिश होने से फसल की बढ़वार बेहतर होगी और उत्पादन भी अच्छा हो सकता है ।
रिमझिम बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों का मौसम भी सुहावना हो गया ।  सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और ठंडी हवाओं के साथ हुई बारिश ने उमस और गर्मी से भी राहत दिलाई ।  बारिश के बीच किसान अपने खेतों का जायजा लेते नजर आए। कई किसानों ने खेतों में पहुंचकर फसल की स्थिति देखी और बारिश को धान के लिए लाभदायक बताया ।
किसानों का कहना है कि धान की फसल इस समय महत्वपूर्ण अवस्था में है और बारिश की सबसे ज्यादा जरूरत महसूस की जा रही थी ।  पिछले दिनों बारिश नहीं होने से खेतों में नमी कम हो रही थी, जिससे फसल पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई थी ।  रविवार को हुई बारिश ने किसानों की चिंता कुछ कम कर दी है ।
*अच्छी बारिश की उम्मीद*
ग्रामीण अंचल के किसानों ने उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश होगी ।  किसानों के अनुसार यदि मौसम अनुकूल रहा और पर्याप्त अंतराल पर बारिश होती रही तो धान की फसल बेहतर स्थिति में पहुंच सकती है । बारिश के बाद खेतों में दिखाई दे रही हरियाली ने किसानों में नई उम्मीद जगा दी है। अब किसान आगे भी अच्छी बारिश की आस लगाए हुए हैं, ताकि उनकी मेहनत रंग लाए और इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार हो सके ।

Related Articles

Back to top button